Jan 31, 2020
बलिया और बिजनौर से पतितपावनी के प्रति आस्था की धारा लेकर चली दो गंगा यात्राओं का संगम आज गंगा बैराज पर होगा। इस अभूतपूर्व अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके बाद अटल घाट पर भव्य आरती और गंगा पूजन होगा। यहीं निषाद पार्क में एक गंगा यात्रा का समापन समारोह भी होगा, जिसे मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। इस मौके पर अनेक मंत्री शामिल होंगे। हालांकि गृहमंत्री अमित शाह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आगमन किन्हीं कारणों से निरस्त हो गया है।
बैराज से लेकर अटल घाट तक विशेष रूप से सजाया संवारा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस आयोजन के लिए गंगा बैराज से लेकर अटल घाट तक को विशेष रूप से सजाया संवारा गया है। चारों और विशेष लाइटिंग और साफ सफाई की गई है। सुरक्षा के भी बड़े प्रबंध किए गए हैं। बिजनौर की ओर से आ रही गंगा यात्रा 11 बजे सुबह बिठूर से गंगा बैराज पहुंचेगी। बलिया से आने वाली यात्रा शुक्लागंज से रवाना होकर शहर के विभिन्न घाटों से होते हुए 12:10 बजे अटल घाट पहुंचेगी। यहीं पर दोनों यात्राओं का मिलन होगा और मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जलशक्ति मंत्री डॉ। महेंद्र सिंह आदि इनका स्वागत करेंगे। गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सारी तैयारियों का जायजा लिया। समागम स्थल, बोट क्लब और अटल घाट पर फोर्स तैनात हो गया है। एडीजी जयनारायण सिंह, मंडलायुक्त सुधीर एम बोबडे, आइजी मोहित अग्रवाल, डीएम डॉ। ब्रह्मदेव राम तिवारी, एसएसपी अनंत देव तिवारी, नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी, एडीएम सिटी समेत अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।