Mar 7, 2020
लखनऊः किसानों की फसल बर्बाद होने का मुद्दा राजनीतिक पटल पर छाया हुआ है। भाजपा सरकार को इस मुद्दे को लेकर घेरने का प्रयास किया जा रहा है। बता दे कि कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों की फसल बर्बाद होने के बाद मुआवजे की मांग की है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि और भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश की तमाम जगहों पर किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। कई किसानों की तो 80 फीसद फसल बर्बाद हो गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दे कि यूपी की भाजपा सरकार पर कोरे दावे करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूरा आंकलन करने के बाद किसानों को उचित मुआवजे देने की मांग की है। ट्वीटर पर किसानों की समस्याएं बताते हुए उन्होंने तीन-चार ट्वीट किए हुए हैं।
प्रियंका ने कहा राज्य में किसानों की अनदेखी हो रही
इस मामले को लेकर उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि यूपी कांग्रेस के किसान जनजागरण के दौरान किसानों ने आवारा पशुओं की विकट समस्या पर अपना दर्द बयां किया। इस दौरान लाखों किसानों की फसल बर्बाद हो गई, लेकिन भाजपा सरकार ने कोई भी हल नहीं निकाला है। प्रियंका ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछते हुए कहा कि किसानों ने आवारा पशुओं पर सीधे सवाल पूछा है, मुख्यमंत्री जी इसका जवाब दीजिए। इसके साथ ही उन्होंने किसान जन जागरण अभियान में कहा कि राज्य में किसानों की अनदेखी हो रही है और हम किसानों की आवाज को बिल्कुल भी दबने नहीं देंगे।








