Oct 20, 2016
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे का गुरूवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में अतिम सांस ली। वे लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। प्रदेश के भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से विधायक सत्यदेव कटारे बीमारी के इलाज के लिए न्यूयॉर्क भी गए थे। इसके बाद उनकी सेहत में कुछ सुधार आया था। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के हीरानंदनी अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया था।
सत्यदेव कटारे का जन्म 15 फरवरी 1955 को भिंड जिले के अटेर गांव मनेपुरा में हुआ था। उन्होंने विधि में स्नातकोत्तर किया था। वे जीवन पर्यन्त कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत युवा कांग्रेस से की थी। 1985 से 1990 तक वे मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव रहे। मोतीलाल वोरा के कार्यकाल में 1989 से 1990 तक वे परिवहन और जेल के सहायक मंत्री रहे थे। दिग्विजय सिंह शासनकाल में 1993 से 1995 तक वे मध्यप्रदेश के गृह राज्यमंत्री रहे।1995 से 1998 के दौरान वे मध्यप्रदेश के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रहे। 2003 से 2008 तक वे भिंड के अटेर क्षेत्र के विधायक रहे. 2008 विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद वह पिछले विधानसभा चुनाव में फिर अटेर से विधायक चुने गए थे।








