Loading...
अभी-अभी:

मुख्यमंत्री शिवराज लेंगे मंत्रियों-अफसरों की क्लास, इस बार खास होगा जनवरी से नवंबर तक सरकार का रोडमैप

image

Dec 31, 2022

भोपाल दोपहर मेट्रो । नये साल में मप्र सरकार नये 'तरीकों' से कामकाज में जुटने वाली है। चूंकि यह साल राजनीतिक रूप से खासा महत्वपूर्ण है इसलिये प्रशासनिक मशीनरी को सरकार के साथ कदमताल करने के लिये काफी कसावट करनी होगी। दक्षिण भारत के नव वर्ष प्रवास से लौटने के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रियों और अधिकारियों को मिशन 2023 के तहत आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोडमैप मंत्रियों और अधिकारियों को सौंपने वाले हैं। इसके लिए दो जनवरी 2023 को मुख्यमंत्री आवास पर बैठक बुलाई गई है, जिसमें राजधानी में उपस्थित सभी कैबिनेट और राज्यमंत्री शामिल होंगे, जबकि राजधानी से बाहर के मंत्री, सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक (रेंज), पुलिस आयुक्त और सभी पुलिस अधीक्षक वर्चुअल शामिल होंगे।

हालांकि मुख्यमंत्री शिवराज हर वर्ष ही दो जनवरी को अफसरों व मंत्रियों की बड़ी बैठक लेकर कामकाज की शुरूआत करते हैं व अपने लक्ष्य बताते हैं, लेकिन इस बार चुनावी वर्ष में यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि कई जनप्रतिनिधि लंबे समय से अफसरशाही को लेकर अपनी शिकायतें रखते रहे हैं। माना जा रहा है कि नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव हो जायेंगे। लिहाजा भाजपा सरकार इसकी तैयारी में जुट गई है। सरकार ने तय किया है कि नए साल का आगाज नए संकल्पों के साथ होना चाहिए, इसलिए धार्मिक यात्रा से मध्य प्रदेश लौटते ही मुख्यमंत्री मिशन 2023 की तैयारी में जुट जाएंगे।

शिवराज इस बैठक में मंत्रियों एवं अधिकारियों को बता देंगे कि उन्हें किस तरह से काम करना है, किन बातों को प्राथमिकता में रखना है। ज्ञात हो कि दो महीने बाद राज्य का बजट भी आने वाला है, यह भी सरकार की गति के लिये काफी निर्णायक होगा।

थोड़ा जश्न बाकी तैयारी

मुख्यमंत्री की इस बैठक को लेकर अफसर बीते चार दिनों से तैयारी कर रहे हैं। उनके नये वर्ष के जश्न के कार्यक्रम और बैठक का टेंशन आपस में उलझ रहा है। अफसरों का कहना है कि नववर्ष के पहले दिन भी रविवार होने के बाद भी दफ्तरों में बैठकर बैठक की तैयारी करना होगी।

ब्यूरोक्रेसी के लिए अहम अप्रैल

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री अगले कुछ महीनों के भीतर चुनाव के नजरिये से अफसरों की नये सिरे से जमावट करने वाले हैं। इसके लिये उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। हालांकि हाल के दिनों में कई महत्वपूर्ण तबादलों के जरिये यह काम किया भी गया है लेकिन दस महीने बाद होने वाले चुनाव के चलते मार्च अप्रैल में बड़े पैमाने पर मंत्रालय स्तर से लेकर जिलों तक फेरबदल होगा। मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल भी फिलहाल मई तक ही है, लेकिन उन्हें छह महीने की एक और सेवावृध्दि दिलाने के प्रयास भी होंगे। सूत्रों का कहना है कि अगले फेरबदल में कुछ खास पार्टी नेताओं की राय भी शामिल की जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2022 की विदाई पर 31 दिसम्बर को करंज का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के क्रम में आज चेन्नई प्रवास के दौरान पौधरोपण किया।