Aug 21, 2022
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कैंसर संस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम मंदिर के निर्माण और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को भी याद किया। भाजपा यूपी के 25 जिलों में बाबूजी की प्रतिमा स्थापित करेगी। बाबू कल्याण सिंह की पहली पुण्यतिथि पर इसकी आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है। पश्चिम यूपी से अयोध्या तक बाबूजी की मूर्तियां लगाई जाएंगी। खबरों के अनुसार ये मूर्तियां प्रदेश के लोधी बाहुल्य इलाकों में लगाई जाएंगी। भाजपा का ये कदम लोधी वोट बैंक हासिल करने की योजना बताई जा रही है।
कैंसर इंस्टीट्यूट में 9 फीट लंबी मूर्ति
सबसे पहले यूपी की राजधानी लखनऊ में बाबू कल्याण सिंह की 9 फीट ऊंची प्रतिमा बनाई गई। कांस्य से निर्मित इस प्रतिमा का स्वरूप बड़ा भव्य है। इसे लखनऊ के कैंसर इंस्टीट्यूट में स्थापित किया गया है। आज मुख्यमंत्री योगी ने इसका अनावरण किया। इस प्रतिमा की लागत 30 लाख से ज्यादा है। अनावरण के दौरान सीएम योगी के साथ भाजपा के मंत्रिमंडल के कई सदस्य और कल्याण सिंह के तमाम सहयोगी मौजूद थे। इसके अलावा आयोजन में लोधी समाज के कई नेताओं ने उपस्थिति दी।
प्रदेश विकास में बाबूजी की खास भूमिका
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कैंसर इंस्टीट्यूट में पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की 9 फीट लंबी मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान सीएम ने राम मंदिर निर्माण में बाबूजी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, स्वर्गीय कल्याण सिंह की अगुवाई में ही अयोध्या के भव्य राम मंदिर की नींव पड़ी थी। प्रदेश में हुए विकास में उनके योगदान को कोई कभी नहीं भूल सकता। बता दें कि पिछले साल 21 अगस्त को कल्याण सिंह के निधन के बाद लखनऊ के कैंसर सेंटर का नाम उनके नाम पर रख दिया गया था।
लोधी वोट बैंक हथियाने की तैयारी
बीजेपी साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। प्रदेश में बाबूजी की प्रतिमाएं लगवाने की नीति को बीजेपी का मास्टर प्लान बताया जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए भाजपा बाबू कल्याण सिंह का सहारा ले रही है। प्रदेश में 25 जगह मूरिति की स्थापना यूपी में लोध वोटरों को साधने की विशेष रणनीति है। देखा जाए तो उत्तर प्रदेश में 5% से ज्यादा लोधी हैं। वेस्ट यूपी के अलीगढ़, बरेली, बुलदंशहर, आगरा से सटे एटा, मैनपुरी, पूर्वांचल में फर्रुखाबाद और हमीरपुर, जालौन, चित्रकूट और बदायूं सब वो जिले हैं जहां लोधियों की संख्या काफी है। ये जिले वो भी हैं जिनपर बाबूजी का खास प्रभाव था। इन जिलों में प्रतिमा लगेंगी।
हालांकि भाजपा ने सभी जातियों पर आंखें गड़ा रखी है। इसको ध्यान में रखकर BJP ने हर स्तर पर काम शुरू कर दिया है।
इन जिलों में बनेंगी प्रतिमाएं
जिन 25 जिलों में बाबूजी की प्रतिमाएं लगेंगी उनमें अलीगढ़, एटा, बदायूं, बुलंदशहर, बरेली, मैनपुरी, फर्रुखाबाद और हमीरपुर, जालौन, चित्रकूट, कासगंज, बुलंदशहर, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या समेत कई और जिले शामिल हैं। ये वो जिले हैं जहां लोधी समाज की संख्या ज्यादा है। इन इलाकों में बाबू कल्याण सिंह का खास प्रभाव भी है।
मेरठ-हापुड़ सीट से भाजपा के टिकट पर तीन बार सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने इन मूर्तियों को बाबूजी को श्रद्धांजलि बताया है। वहीं बाबूजी के बेटे और सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि बाबूजी सम्राट थे, इसलिए उनके प्रभाव वाले जिलों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।