Loading...
अभी-अभी:

जनरेटर के फ्यूल टैंक में छेद, रेलवे स्टाफ की सतर्कता से टला हादसा 

image

Nov 24, 2017

बिलासपुुर : रेलवे स्टाफ की सतर्कता से नई दिल्ली-बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार नागपुर से 38 किमी पहले तामसा स्टेशन के पास अचानक झटका लगने से चालक ने ट्रेन रोककर जांच की तो पता चला कि जनरेटर के फ्यूल टैंक में बड़ा छेद हो गया था। इससे डीजल बाहर गिर रहा था। यहां कर्मचारियों ने आनन-फानन में लकड़ी का टुकड़ा लगाकर छेद बंद किया। इसी हालत में ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पहुंची।

बिलासपुर के कोचिंग डिपो में राजधानी एक्सप्रेस के फ्यूल टैंक की मरम्मत की गई। घटना बुधवार 22 नवंबर की बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली से व्हाया नागपुर होते हुए बिलासपुर पहुंचने वाली राजधानी एक्सप्रेस समय पर चल रही थी। नागपुर स्टेशन के बाद ट्रेन 35 से 40 किलोमीटर का फासला तय की थी कि अचानक तामसा स्टेशन के पास ड्राइवर को झटका महसूस हुआ। इसे गंभीरता से लेते हुए ट्रेन रोककर जांच की गई।

इससे डीजल का रिसाव हो रहा था। टैंक की यह हालत सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक थी। स्टेशन मास्टर से लेकर संबंधित विभाग के अफसरों को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई। मामला राजधानी एक्सप्रेस का होने के कारण अधिकारी व कर्मचारी सकते में आ गए।

बताते हैं कि अफसर व कर्मचारी तत्काल टैंक के छेद को बंद करने के जुगाड़ में लग गए। तत्काल स्थाई व्यवस्था नहीं हो सकी। इसके बाद टैंक के छेद को लकड़ी टुकड़ा डालकर बंद किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना रायपुर को भी थी। इसलिए वहां भी संबंधित विभाग ने जांच की, लेकिन यहां भी स्थाई मरम्मत की व्यवस्था नहीं थी। इसलिए ऐसे ही ट्रेन को रवाना कर दिया गया। बिलासपुर पहुंचने के बाद कोचिंग डिपो में स्थाई मरम्मत हुई।