Loading...
अभी-अभी:

जेल से जेलर गायब, कलेक्टर को भी नहीं है जानकारी

image

Nov 22, 2017

कोरिया : सर्कल सुप्रीटेन्डेट राजेन्द्र गायकवाड ने जिला जेल बैकुण्ठपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला जेल में जेल अधीक्षक आरके सिंह केसर नहीं मिले। गायकवाड ने बताया कि बिना किसी जानकारी के जेल अधीक्षक मुख्यालय में नहीं है। इसकी जानकारी वे उच्च अधिकारियों को देंगे। 

जिला जेल बैकुण्ठपुर में इन दिनों मनमानी का आलम साफ देखा जा सकता है। यहां लगभग 140  बंदी निरूद्ध हैं। नियमानुसार जेल अधीक्षक को जेल छोड़ने से पूर्व कलेक्टर को जानकारी देनी चाहिए, लेकिन उन्होंने बिना जानकारी दिए ही मुख्यालय छोड़ दिया।

वर्तमान में मुख्य प्रहरी प्रभात जैन जेल की जिम्मेदारी देख रहें हैं। जेल अधीक्षक आरके सिंह केसर बीते शनिवार से जेल में नहीं हैं। इस बारे में जब जेल में मौजूद प्रहरियों से पूछताछ की, तो किसी ने कोई ठोस जानकारी नहीं दी। 

अचानक जब सर्किल सुप्रीटेन्डेट राजेन्द्र गायकवाड जेल पहुंचे और उन्होंने जेल अधीक्षक के संबंध में जेल कर्मियों से पूछताछ की, तो सभी ने उनके बारे अनभिज्ञता जाहिर की। चर्चा के दौरान गायकवाड ने बताया कि वे जेल निरीक्षण करने पहुंचे थे। आने वाले समय में जिला जेल में महिला बैरेक शुरू करना है।

इसके पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां की जानी है। सुरक्षा के लिहाज से जेल की दीवारों को ऊंचा किया जाएगा। इसके साथ ही जेल में महिलाओं के लिए अलग से बैरेक बनेगा। इसके अलावा पहले यहां जेल प्रहरियों की संख्या कम थी। अब संख्या बढ़ने से उनके लिए आवास की दिक्कत हो रही है। इसके लिए आवासीय भवन बनाएं जाएंगे।