Oct 21, 2017
रायपुर : हम नक्सलवाद खत्म करने के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं और बहुत जल्द छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्ति मिल जायेगी। ये बातें मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पुलिस स्मृति परेड के दौरान कही।
मुख्यमंत्री आज माना में आयोजित हुए पुलिस स्मृति परेड में शामिल हुए, जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि मनुष्य को सबसे ज्यादा प्रेम अपनी मातृभूमि से होता है।
यदि कोई कहता है कि उसे मौत से डर नहीं लगता, तो या तो वो झूठ बोलता है या वो सेना का बहादुर जवान होता है। पुलिस की चुनौती कभी कम नहीं हुई। पुलिस सिर्फ नौकरी नहीं करती, कर्तव्य निभाती है। जवानों की शहादत खाली न जाये, ये आम जनता की भी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने होमगार्ड के जवानों को सौगात देते हुए उनके वेतनमान में बढ़ोतरी की। होमगार्ड के जवानों का मानदेय 10 हजार प्रति महीने बढ़ाकर 13200 रुपये किया गया। साथ ही सहायक आरक्षकों को आरक्षक भर्ती में 15 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिलेगा। वरिष्ठ सहायक आरक्षकों को 20 प्रतिशत वरिष्ठ वेतनमान का लाभ मिलेगा।
बस्तर में सहायक आरक्षकों को आरक्षक भर्ती में शारीरिक मापदंड और उम्र में भी अतरिक्त छूट मिलेगी। 58 सौ जवानों की भर्ती अगले ढाई महीने में होगी। 1200 सीएएफ जवानों की भर्ती होगी। इस दौरान गृहमंत्री रामसेवक पैकरा भी मौजूद थे। बस्तर और राजनंदगांव जैसे इलाकों से भी नक्सलवाद खत्म करने की बात कही।








