Loading...
अभी-अभी:

मंडी में पंजीकृत व्यापारियों ने किया हंगामा

image

Sep 20, 2017

कांकेर : कृषि उपज मंडी में स्थानीय गल्ला व मंडी में पंजीकृत व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का आरोप हैं कि सचिव ने चोरी छिपे बीज निगम के 7 हजार क्विंटल से अधिक धान को बेच दिया।

इसकी जानकारी लेने जब सचिव से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो वे मंडी से गायब मिले। जानकारी लेने पर पता चला कि वे तीर्थ पर गए हैं। इसके बाद व्यापारियों ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इधर व्यापारियों द्वारा हंगामा मचाएं जाने के बाद शाम को बीज निगम ने एक आदेश जारी कर नीलामी प्रक्रिया अपरिहार्य कारणों से रद्द करने आदेश जारी कर दिया हैं। बीज निगम केंद्र कांकेर के पास खरीफ 2016 का 7215 क्विंटल धान बच गया था, जिसकी नीलामी की जानी थी।

नीलामी कृषि उपज मंडी कांकेर के माध्यम से होनी थी। इसके लिए कृषि उपज मंडी समिति सचिव विजय कुमार शुक्ला ने निविदा निकाली थी। 14 सितंबर दोपहर 2 बजे बोली लगाने का समय था। इसकी सूचना मंडी अंतर्गत आने वाले थोक व्यापारी, ट्रेडर्स, राइस मिलर्स सभी को देना था, लेकिन नीलामी की सूचना जिले के दो मात्र राइस मिलर्स को दी गई। 

जबकि कांकेर में कई पंजीकृत व्यापारी, ट्रेडर्स व राइस मिलर्स थे। जिन्हें इसकी सूचना दी ही नहीं गई। चुपके से उक्त धान एक व्यापारी को बेच दिया गया। जानकारी होने पर मंगलवार को स्थानीय व्यापारी मंडी पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया।

सचिव के पास पहुंचे तो पता चला वे इलाहाबाद तीर्थ पर गए हैं। उनका मोबाइल नंबर भी बंद था। इसके बाद व्यापारियों ने मामले की जांच के लिए कलेक्टर व एसडीएम से शिकायत की।