Loading...
अभी-अभी:

सरगुजा पुलिस की पहलः कचरा उठाने वाले हाथों का रखा ख्याल

image

Jan 15, 2018

**अंबिकापुर**। मकर संक्रांति के अवसर पर शहर में डोर टू डोर कचरा उठाने वाली उन महिलाओं को सरगुजा की महिला पुलिस ने ख़ुश कर दिया जिनके दम पर अंबिकापुर शहर का नाम पूरे देश में सम्मान के साथ लिया जा रहा है। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत अंबिकापुर में SLRM सेंटर की उन महिलाओं को पुलिस ने उच्च क्वालिटी के ग्लब्स वितरण किये, जो सुबह से ही उठकर पूरे शहर का कचरा / गंदगी बिना ग्लब्स के उठाने मजबूर थे , कचरा उठाने वाली महिलायें जहाँ भी दिखीं वहां -वहां पुलिस ने जाकर उनको ग्लब्स पहनाए। स्वछता अभियान के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रम में पूरे देश में अंबिकापुर का भी नाम है। कई पुरूस्कार पा चुके अंबिकापुर ने नाम तो खूब कमाया पर जिन महिलाओं की बदौलत इतना सब कुछ हुआ उनकी समस्या को जानने और समझने की कोशिश सम्बंधित विभाग ने कभी नहीं की। **बीमारी की रहती थी आशंका...** इस विषय पर ध्यान देते हुए सरगुजा पुलिस की महिला अधिकारी गरिमा द्विवेदी ने कम्युनिटी पुलिस के तहत सरगुजा रेंज के आई जी हिमांशु गुप्ता और पुलिस अधीक्षक आर एस नायक के मार्गदर्शन में बिलकुल अनोखा प्रयास किया ,सुबह से ही दो महिला पुलिस कर्मियों ने शहर में ढूंढ कर उन महिला बहनों को ग्लब्स पहनाया जो बिना ग्लब्स के काम कर रहीं थी। सरगुजा पुलिस के इस काम से महिलाओं के चेहरे पर ख़ुशी साफ़ झलक रही थी। दरअसल डोर टू डोर जाकर कचरा एकत्र करने वाली महिलाओं के पास ग्लब्स नहीं थे, जिससे उन्हें बीमारी की आशंका के साथ साथ ,कचरे में ब्लेड और कांच के टुकड़ों से चोट लगने का डर भी बना रहता है। सरगुजा पुलिस के इस अभिनव पहल से यह तो साफ़ हो गया पुलिस सिर्फ़ कानूनी दांव पेंच में उलझे रहना नहीं चाहती, बल्कि आमजनों के साथ उनका बेहतर व्यवहार और सहयोग वाली मानसिकता भी उनके पुलिसिंग का हिस्सा है। '' 'एस डी ओपी गरिमा द्विवेदी ने बताया की उनके घर पर कचरा लेने आने वाली महिलाओं के हाथों में अक्सर ग्लब्स नहीं होते थे ,जब हम कड़ाके की ठंड में बिस्तर से बाहर नहीं निकलते उस वक्त हमारी बहनें ठं़ड में पूरे शहर में घूम कर सफाई कार्य में लगी रहती हैं, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ऐसा काम किया गया जिसका लाभ सीधे तौर पर हमारी बहनों को मिले, इस काम के लिए विशेष तौर पर कोतवाली में पदस्थ महिला एस आई भावना खंडारे का भी पूरा साथ मिला।