Loading...
अभी-अभी:

धमतरीः शादी की रस्मों से बड़ा मतदान, लोकतंत्र के पर्व में पेश की मिसाल

image

Apr 19, 2019

लोकेश साहू - लोकतंत्र के महापर्व में काफी उत्साह लोगों में देखने को मिला। हर किसी ने अपना कीमती समय निकालकर और जरूरी कामकाज छोड़कर अपने मताधिकार का उपयोग किया। धमतरी जिले में भी बेहद दिलचस्प नजारा चुनाव के दौरान देखने को मिला। जहां दूल्हा दुल्हन ने अपनी शादी की रस्मों को पूरा करने की बजाय, मतदान केंद्र पहुंचकर वोट देना ज्यादा जरुरी समझा।

दरअसल लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में महासमुंद लोकसभा अंतर्गत धमतरी और कुरूद विधानसभा में मतदान हुआ। वहीं कांकेर लोकसभा के सिहावा विधानसभा में भी वोट डाले गए। लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। शादी के बंधन में बंधने जा रहे और बंध चुके दूल्हा दुल्हन ने रस्मों को बीच में ही छोड़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

बाजे गाजे के साथ पहुंचे मतदान केंद्र, बारात से लौट कर दूल्हे ने भी किया मतदान

ऐसा ही नजारा धमतरी शहर के सदर उत्तर वार्ड  मतदान केंद्र में देखने को मिला। जहां एक नवविवाहित जोड़ा बाजे गाजे के साथ मतदान करने पहुंचा था। दूल्हा बना शंकर यादव बुधवार को बारात लेकर रायपुर गया था। गुरुवार की सुबह घर वापस लौटते ही वह अपनी दुल्हन को साथ लेकर वोट डालने मतदान केंद्र पहुंच गया। शंकर यादव के साथ उसकी बहन लिलेश्वरी यादव भी वोट देने पहुंची थी। जिसका दूल्हा शाम को बारात लेकर उसके घर पहुंचने वाला था। लिलेश्वरी ने विदा होकर ससुराल जाने से पहले राष्ट्र निर्माण में अपना कीमती वोट देना ज्यादा जरूरी समझा।

विदाई से पहले वोट देने पहुंची दुल्हन

वहीं सिवनीखुर्द की रहने वाली स्वाति प्रजापति के घर भी बारातियों के स्वागत की तैयारियों के साथ शादी की रस्मों को पूरा किया जा रहा था, लेकिन इन रस्मों को बीच मे ही छोड़कर स्वाति अपना वोट देने मतदान केंद्र पहुंच गई। स्वाति का कहना है कि मतदान करना देश के हर नागरिक का कर्तव्य है और इस कर्तव्य को पूरा करने के लिये ही वह सभी रस्मों को बीच में छोड़कर वोट देने आयी है। इसी तरह ग्राम दरगहन का भूपेंद्र साहू भी बारात निकलने से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचा था। दूल्हा और दुल्हन के जोड़े में मतदान केंद्र पहुंचे इन युवाओं ने समाज के बाकी लोगों को भी जागरूक करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया।