Loading...
अभी-अभी:

रायपुरः धान खरीदी पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा राज्य सरकार खरीदेगी पूरा धान

image

Dec 10, 2019

आशीष तिवारी - मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश के किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरा धान खरीदेगी। किसानों को समय पर भुगतान हो रहा है। धान खरीदी के संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों से वे दूर रहें। मुख्यमंत्री बघेल के निर्देश पर धान खरीदी की व्यवस्था को चाक-चौबंद करने राज्य के मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल अधिकारियों के साथ आज सुबह पड़ोसी राज्यों की सीमा से लगे इलाकों के साथ ही राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, कवर्धा जिले के कई धान खरीदी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को यह ताकीद दी है कि किसानों को धान बेचने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त का दिया निर्देश

उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए और किसानों को भुगतान समय पर होना चाहिए।  गौरतलब है कि प्रदेश में एक दिसम्बर 2019 से 06 दिसम्बर 2019 तक पहले ही सप्ताह में एक लाख 73 हजार 491 किसानों से 7 लाख 11 हजार 306 मैट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। धान विक्रय करने वाले एक लाख 26 हजार 897 किसानों को 700 करोड़ रूपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।  मुख्यमंत्री  बघेल के निर्देश पर मुख्य सचिव आज हेलीकाप्टर से अधिकारियों के साथ सुबह साढ़े आठ बजे से निरीक्षण प्रारंभ करते हुए राजनांदगांव जिले के चिरचारी, कवर्धा जिले के रेंगाखार, मुंगेली जिले के पंडरभट्टा, बिलासपुर जिले के कोटा-पिपरसरई-भरारी-नेवरा, जांजगीर-चांपा जिले के चारपारा स्थित धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीधे किसानों से की बात

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीधे किसानों से बात-चीत कर धान खरीदी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। श्री मंडल ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के पंजीयन तथा भुगतान के संबंध में दर्ज की जा रही ऑनलाईन जानकारी भी देखी। रेंगाखार में किसान ने बताया कि मोबाइल में पैसे खाते में जमा होने का मैसेज आया है। पंडरभट्टहा मुंगेली में वयोवृद्ध किसान भी वहां पर टोकन पर धान बेचते मिले। मुख्य सचिव ने राज्य के किसानों से कहा कि धान खरीदी अभियान के तहत किसानों से केन्द्र द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। केन्द्र शासन द्वारा कॉमन धान के लिए 1815 और ग्रेड-ए धान के लिए 1835 रूपए का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। खरीदी की रकम किसानों के खाते में सीधे जमा की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार द्वारा अपने घोषणा पत्र में किए गए वायदे के अनुरूप प्रति क्विंटल 2500 रूपए धान की कीमत देगी। समर्थन मूल्य में धान की खरीदी के बाद अंतर की राशि का भुगतान नई योजना बनाकर किसानों के खाते में किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 15 क्विंटल के मान से धान खरीद रही है। इसमें किसी भी प्रकार की लिमिट नहीं लगाई गई है। किसान किसी भी प्रकार के अफवाह या भ्रामक बातों में ना आए और निश्चिंत होकर धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने जाए। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि धान खरीदी केन्द्रों में धान लाते वक्त यह देख ले कि धान में नमी का प्रतिशत निर्धारित सीमा से अधिक ना हो। धान बेचने से पहले खलिहानों में ठीक से सूखा लें।