Loading...
अभी-अभी:

अध्यक्ष निधि की राशि में भ्रष्टाचार का आरोप, फेसबुक लाइव के माध्यम से पंचायत में चल रहा भ्रष्टाचार उजागर

image

Feb 13, 2019

अजय गुप्ता- पंद्रह वर्षों से सत्ता का वनवास झेल रही कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज़ भी नहीं हो पाई थी कि कांग्रेसियों में अंतर कलह फूट कर सामने आने लगा है। एक ओर जहां पार्टी के लोग पार्टी की एकजुटता की बात कहते नहीं थक रहे, वहीं दूसरी ओर कोरिया जिले की खोंगापानी नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला विवेक चतुर्वेदी के खिलाफ कांग्रेस के ही पार्षद व नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश मधुकर व कांग्रेस पार्षद रामा यादव ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष व पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर अध्यक्ष निधि की राशि में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने फेसबुक लाइव के माध्यम से पंचायत में चल रहे भ्रष्टाचार को किया उजागर

कांग्रेस के संगठन और सत्ता में चल रहा यह भूचाल बाहर नहीं आता, अगर संगठन के लोग पदाधिकारियों की शिकायत पर गौर करते। लेकिन जब शिकायतों को ही नजरअंदाज़ किया जाने लगा तो नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने फेसबुक लाइव के माध्यम से पंचायत में चल रहे भ्रष्टाचार को किया उजागर कर दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला विवेक चतुर्वेदी पर आरोप लगाते हुए नगर कांग्रेस अध्यक्ष व पार्षदों ने कहा है कि बगैर कार्य का टेंडर किए ही अध्यक्ष निधि की 15 लाख रुपए की राशि आहरित कर ली गई है। पार्षदों का कहना है कि पार्षद निधि के कार्यों को अध्यक्ष निधि का कार्य बताकर बगैर कार्य किए ही राशि का आहरण कर लिया गया है।

सात कांग्रेस पार्षद अध्यक्ष के विरोध में

नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश मधुकर का दावा है कि उनके साथ कांग्रेस के 7 पार्षद अध्यक्ष के विरोध में हैं। जगदीश मधुकर का कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पार्षदों के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया भी रखते हैं। अध्यक्ष द्वारा जो भी कार्य कराए गए हैं उनमें ज्यादातर कार्य भाजपा पार्षदों के वार्ड़ों में हुए हैं। अध्यक्ष पर लग रहे आरोपों को लेकर जब नगर पंचायत अध्यक्ष से बात करनी चाही तो वो कैमरे के सामने बात करने से बचती नजर आई। बहरहाल अब यह देखना है कि विधानसभा चुनाव में एकतरफा जीत हासिल करने वाली कांग्रेस जहां प्रदेश की ग्यारहों लोकसभा सीट जीतने का दावा कर रही है तो ऐसे हालात में इन दावों को कहां तक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा, यह देखने वाली बात होगी।