Loading...
अभी-अभी:

गरियाबंदः मुंगझर पंचायत एक बार फिर सुर्खियों में, माँ-बेटी फिर होंगी आमने-सामने

image

Jan 5, 2020

पुरूषोत्तम पात्र - गरियाबंद की मुंगझर पंचायत एक बार फिर सुर्खियों में आ गयी है। यहां माँ और बेटी दूसरी बार पंचायत चुनाव में आमने सामने हैं। हालांकि पिछले दो चुनाव में माँ सुशीला बाई कश्यप का पलड़ा भारी रहा है। सुशीला बाई 2010 से गॉव की सरपंच हैं और पिछली बार उसने अपनी बेटी मंजू को 6 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। इस बार चुनाव में माँ बेटी फिर आमने सामने हैं। माँ सुशीला का दावा है कि वह अब घर के साथ-साथ पूरे गाँव की मुखिया हो गयी है। उसने अपने दो कार्यकाल में विकास के बहुत से काम किये हैं। ग्रामीण इस बार फिर उन्हें सरपंच के रुप में देखना चाहते हैं, इसलिए वह चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने इस बार भी जीत का दावा किया है।

चुनाव जीतने के लिए बेटी की है अपनी माँ को घेरने की पूरी कोशिश

वहीं बेटी मंजू भी इस बार पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरी हैं। चुनाव जीतने के लिए वह अपनी माँ को घेरने की पूरी कोशिश कर रही हैं। यहां तक कि अपनी माँ पर आरोप लगाने से भी पीछे नहीं हट रही है। मंजू के लिए इस बार सबसे बड़ी ताकत उसकी 4 अन्य बहनें हैं, जिनमें से एक तो उसी गांव में रहती है और रिश्ते में उसकी देवरानी लगती है। इस बार ये सभी मंजू का साथ दे रही हैं जो पिछले चुनाव में माँ के साथ थीं। मंजू का दावा है कि इस बार चुनाव में वे माँ को पटखनी जरूर देंगी।

मुंगझर के इस चुनावी दंगल में परिणाम चाहे जो भी आये मगर चुनाव के कारण परिवारिक रिश्तों का तार-तार होना निश्चित है। ऐसे में यहां के परिणाम को लेकर भले ही लोग उतने उत्सुक ना हों, मगर रिश्तों की कितनी बखिया उखडेंगी अंत तक, इस पर सबकी नजरें जरूर टिकी रहेंगी।