Loading...
अभी-अभी:

महासमुंदः गरीब और मजबूर माता-पिता ने अपने बेटे के इलाज के लिए आर्थिक मदद की लगाई गुहार

image

Nov 25, 2019

आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण बीमार युवक अपना समुचित इलाज नहीं करा पा रहा है। एक संस्था उसकी मदद के लिए आगे आई है और इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। दरअसल गोवर्धन सिंह ठाकुर उम्र चौबीस वर्ष पिता भगवान सिंह ठाकुर निवासी खैरटकला जिला महासमुन्द को तीन वर्ष पूर्व तेज पेट दर्द की शिकायत होने पर ओडिसा के बुरला में उपचार के लिए ले जाया गया था। वहाँ डॉक्टरों ने गोवर्धन के पेट के दो ऑपरेशन करके अपशिष्ट पदार्थ को बाहर निकालने के लिए पेट के पास ही निकासी के लिए जगह बना दी थी। कुछ समय बाद एक और ऑपरेशन के द्वारा मरीज अपनी सामान्य अवस्था में आ सकता था पर मरीज की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह आगे का समुचित उपचार नहीं करवा पा रहा था,जिसके चलते गोवर्धन बहुत तकलीफ भरी जिंदगी जी रहा है।

डॉक्टरों ने ऑपरेशन का खर्च पचहत्तर हजार के आसपास बताया

गांव के हनुमंत नाग ने गोवर्धन की समस्या को सामाजिक संस्था शकुन्तला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की स्मिता सिंह को बता कर संस्था से उपचार के लिए मदद की अपील की। संस्था ने उपचार के लिए मदद का आश्वासन दिया। संस्था के द्वारा गोवर्धन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मरीज की जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन  का खर्च सत्तर हजार से पचहत्तर हजार के आसपास बताया है। गोवर्धन के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण परिवार ऑपरेशन का खर्च उठाने मे असमर्थ है। परिजनों ने शकुन्तला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के माध्यम से लोगों से यह मार्मिक अपील है कि वे गोवर्धन के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग के लिए शकुन्तला फाउंडेशन छत्तीसगढ़ से संपर्क करें। इसके पूर्व भी संस्था ने गरीब और जरूरतमंदों के उपचार में यथासंभव सहयोग किया है।