Loading...
अभी-अभी:

रायपुरः नगर निगम द्वारा त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस का नागरिक सम्मान

image

Sep 24, 2019

हेमन्त शर्मा - राजधानी रायपुर में नगर निगम द्वारा मंगलवार को शहीद स्मारक भवन में त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस का नागरिक सम्मान किया गया। राज्यपाल रमेश बैस ने नगर निगम के पार्षद से त्रिपुरा के राज्यपाल बनने तक का सफर तय किया है। सम्मान समारोह में विधायक कुलदीप जुनेजा, रायपुर नगर निगम के प्रथम महापौर स्वरूपचंद जैन, वर्तमान महापौर प्रमोद दुबे, निगम के सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा, संजय श्रीवास्तव, श्रीचंद सुन्दरनी, किरणमयी नायक, निगम के पार्षद समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान रमेश बैस का शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेश बैस भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा का राज्यपाल बना, यह मेरा नहीं पूरे राज्य की जनता का सम्मान है। कहीं जाता हूँ तो लोग पूछते हैं कि राज्यपाल कहाँ के हैं, तो छत्तीसगढ़ के हैं बताया जाता है।

सबसे पहले रमेश बैस 1978 में पार्षद बने

1978 में चुनाव हुए, जनता के आशीवार्द से पार्षद बना, उस समय जनता पार्टी थी। जब शहर के विकास की बात आती थी तो बस लगता था कि वार्ड का विकास कैसे हो। मरीज के इलाज में डॉक्टर का व्यवहार अच्छा होना जरूरी होता है। उसी तरह राजनीति में जब लोग जनप्रतिनिधि के पास आते हैं तो उसके अच्छे व्यवहार से लोग संतुष्ट हो जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कई बार चुनाव लड़ता था तो ये बात आती थी कि रमेश बैस ऐसे ही जीत गया। लेकिन कोई भी व्यक्ति एक बार ही ऐसे जीत सकता है, लेकिन जनता के दिल में रहने वाला हर बार जीतता है। लोग कहते थे चुनाव के पर्यायवाची शब्द ही रमेश बैस है। हम सरल सहज रहें, सामने वाला कितने भी क्रोध में हो वो शांत हो जाता है। अंत में उन्होंने कहा कि मेरा जो सम्मान नगर निगम और  शहर के लोगों ने किया है उसे जिंदगी भर नहीं भूल सकता।