Loading...
अभी-अभी:

मशाल गौरव यात्रा से रोशन हुआ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का सफर

image

Jan 1, 2026

मशाल गौरव यात्रा से रोशन हुआ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का सफर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा राज्य के सभी जिलों में घूमकर लोगों को इस ऐतिहासिक आयोजन की जानकारी देगी और उत्साह जगाएगी।

मशाल के साथ यात्रा करने वाले वाहन पर शुभंकर 'मोरवीर' और थीम सॉन्ग की झलकियां होंगी, जो आदिवासी समुदाय की बहादुरी और गौरव का प्रतीक हैं। अरुण साव ने कहा कि देश में पहली बार हो रहे इन ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना बड़ा सम्मान है। केंद्र सरकार और खेल मंत्री मनसुख मांडविया का उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया। फरवरी 2026 में होने वाले इस महाकुंभ के लिए राज्य में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।

शामिल खेल और खिलाड़ियों का चयन

इस आयोजन में सात खेल शामिल हैं - हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स तथा वेटलिफ्टिंग। छत्तीसगढ़ की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन 7 और 8 जनवरी को होगा।

बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के ट्रायल होंगे, जबकि रायपुर के स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम कोटा में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग के चयन परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।

यह आयोजन आदिवासी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा और खेलों के माध्यम से उनकी क्षमताओं को निखारेगा। राज्य सरकार की यह पहल युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

Report By:
Monika