Loading...

नोटबंदी के खिलाफ प्रदेश बंद कराने निकले कांग्रेस नेता गिरफ्तार

image

Dec 30, 2016

रायपुर। नोटबंदी के खिलाफ महाबंद कराने निकले कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस भवन के बाहर ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन चटर्जी और पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। पार्टी ने जिन नेताओं को बंद को सफल कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी, उन सभी को पकड़ लिया गया है। शहर में चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। करीब 100 से ज्यादा कांग्रेसी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इसके साथ ही पुलिस ने कांग्रेस भवन को घेरे रखा है। शास्त्री बाजार को गांधीवादी तरीके से बंद कराने निकले लोगों के रोक लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने महात्मा गांधी की तस्वीर को उनसे छीनकर फाड़ डाला। विकास उपाध्याय को सेंट्रल जेल के अंदर बंद किया गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन अंग्रेजी हुकुमत की तरह बर्ताव कर रहा है।

अंबिकापुर : शुक्रवार सुबह नगर बंद कराने कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता निकले। बंद न कराने को लेकर पुलिस अधिकारी कई बड़े कांग्रेस नेताओं के घर पहुंचे थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी आरएस नायक स्वयं निकले शहर निकले। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओ से चर्चा भी की। बंद के आह्वान में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव भी शामिल होंगे।

महासमुंद : कांग्रेस के बंद को लेकर शहरभर में पुलिस ने तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। स्कूलों के बाहर भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। बाजार, बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन में भी सुरक्षा बढाई गई है। शहर में कांग्रेस भवन के बाहर बड़ी संख्या में जवान मौजूद है। बल पूर्वक बंद कराने पर उन्हें गिरफ्तार करने की तैयारी है।

जशपुर : शहर बंद कराने की कोशिश कर रहे नगर पालिका जशपुर के अध्यक्ष सहित दर्जन भर कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बंद रोकने के लिए सुबह से ही बस स्टैंड में जिले के आला अधिकारी डटे हुए हैं।