Loading...
अभी-अभी:

नेपाल में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 90 लोगों की मौत, 29 लापता

image

Jul 18, 2019

नेपाल में बाढ़ का प्रकोप जारी है। बाढ़ के साथ भूस्खलन ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत से सटे इस छोटे से तराई मुल्क में अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 29 लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के गृह मंत्रालय के अनुसार, अभी तक 3366 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत और बचाव का काम पूरी तेजी से चलाया जा रहा है।

निचले क्षेत्रों में लोगों की जिदंगी प्रभावित
गृह मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया है कि लगभग 35,000 लोग इस तबाही से प्रभावित हुए हैं। यहां के निचले क्षेत्रों में लोगों की जिंदगी काफी अधिक प्रभावित हुई है। नेपाल के 77 जिलों में से 20 से ज्यादा बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। आपदा प्रभावित जिलों में बचाव और राहत कार्यों को करने के लिए नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल को तैनात किया गया है। नदियों में उफान के कारण बांध के टूट जाने और पानी गांवों में घुस आया है और लोगों को प्रभावित स्थानों में हटा दिया गया है।

13,000 से ज्यादा परिवार विस्थापित
ऐसे इलाकों में 13,000 से ज्यादा परिवारों को विस्थापित किया गया जहां 3,500 घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हालांकि कई मुख्य नदियों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, किन्तु देश के कई क्षेत्रों में वर्षा के जारी रहने से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। नेपाल में आम तौर पर जुलाई और अगस्त में मानसून आ जाता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ और जुलाई के शुरुआती सप्ताह में ही बारिश ने बाढ़ और भूस्खलन से हालात बदतर हो गए हैं।