Loading...
अभी-अभी:

इन 5 राज्यों के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी बधाई

image

Nov 1, 2017

भोपाल : 1 नवंबर को देश के 5 राज्यों के स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी 5 राज्यों को बधाई दी। आज के दिन हरियाणा, मध्य प्रदेश, केरल, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। सुबह पीएम मोदी ने ट्वीट किया- 'देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मध्य प्रदेश के निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

आज केरल अपना 60वां स्थापना दिवस मना रहा है। केरल के गवर्नर पी। सथाशिवम ने केरल वासियों को 'केरल पिरवी' (केरल डे) पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन आज राज्य के लिए अहम घोषणा करने वाले हैं। वहीं, हरियाणा आज 51वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज सीएम मनोहर लाल खट्टर हिसार में दीनदयाल उपाध्याय सेंटर की आधारशिला रखेंगे। आज हरियाणा खुले में शौच मुक्त राज्य घोषित होगा। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी राज्य के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मध्य प्रदेश आज अपना 62वां स्थापना दिवस मना रहा है।

दो महीने पहले सीएम चौहान ने 'मध्य प्रदेश विकास यात्रा' शुरू की थी। आज इसका समापन होगा। इस दौरान राज्य में कई विकास के प्रोजेक्ट भी शुरू किए जाएंगे। कर्नाटक में भी राज्योत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर बंगलुरु में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें सीएम सिद्धारमैया अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी स्थापना दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।