Loading...
अभी-अभी:

खेत पर मृत मिली गर्भवती महिला, परिजनों ने लगाया ससुराल पर हत्या का आरोप

image

Oct 16, 2017

धार : अपने पति के साथ खेत पर काम पर गई समीपस्थ ग्राम जामन्या निवासी एक गर्भवती महिला खेत के कुएं के पास मृत अवस्था में मिली। महिला के पति व ससुराल पक्ष द्वारा करंट लगने से महिला की मौत होना बताया जा रहा हैं, लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

जानकारी अनुसार रविवार को अनिल पिता जगदीश उम्र 32 वर्ष निवासी जामन्या ने सूचना दी कि उसकी पत्नी सुनीता की लाश उसी के खेत के कुएं पर लगे स्टार्टर के पास पड़ी मिली हैं। अनिल ने पुलिस को बताया कि वो अपनी पत्नी सुनीता के साथ रविवार को पगारा स्थित अपने खेत पर मक्का काटने गया था।

इसी बीच उसकी पत्नी सुनीता पीने का पानी लेने खेत के कुएं के पास गई। जब काफी देर तक वापस नहीं आई तो कुएं के पास जाकर देखा, तो सुनीता खेत के पास मृत पड़ी थी और उसके हाथ पर बिजली के करन्ट के जलने के निशान नजर आ रहे थे।

वही उक्त मामले में मृतका के मायके पक्ष ने मृतका के ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मृतका सुनीता की हत्या की आशंका व्यक्त की हैं। मृतका सुनीता को 6-7 महीने का गर्भ भी था। मृतका की एक लड़की भी हैं। 

इस संबंध में पुलिस से चर्चा करने पर बताया कि जामन्या निवासी पति-पत्नी खेत पर काम कर रहे थे और इसी दौरान पत्नी सुनीता की कुएं की मोटर चालू करने के दौरान करन्ट से मौत हो गई। उक्त मामले में मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर मृतका की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की हैं। मृतका की पोस्टमार्डम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।