Loading...
अभी-अभी:

सूदखोरों से परेशान व्यक्ति ने लगाई फांसी, 5 आरोपियों पर अपराध दर्ज

image

Oct 16, 2017

ग्वालियर : सिरौल थाना इलाके में 28 सितम्बर को सूदखोरों से परेशान होकर एक व्यक्ति ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद पांच सूदखोरों पर मृतक को कर्ज के रुपए के लिये कई तरह से प्रताड़ित करने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया हैं।

ग्वालियर के हुरावली गांव में रहने वाले उत्तम सिंह बघेल ने गांव के ही कुछ लोगों से कर्ज लिया था। हालांकि उत्तम कर्ज की रकम को वापस कर दिया था, लेकिन सूदखोरों ने उस पर इतना ब्याज लगा दिया कि मूलधन से ज्यादा ब्याज हो गया था।

जिसको उत्तम चुकाने में असमर्थ था। इसके चलते सूदखोर उत्तम को आए दिन परेशान करते थे। उसको धमकी दी जाती थी, साथ ही उसकी दुकान पर कब्जा करने की बात कही जाती थी। इससे परेशान होकर उत्तम सिंह ने 28 सितम्बर को घर के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस दौरान उत्तम ने आत्महत्या के पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें साहूकारों के नाम लिखे थे, साथ ही उसको किस-किस तरह से प्रताड़ित किया जाता था, उसका भी जिक्र सुसाइड नोट में किया गया था। आत्महत्या की जानकारी मिलते ही सिरौल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक उत्तम सिंह बघेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी।

पुलिस ने जब सुसाइड नोट और घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई, तो जांच के दौरान पूरा मामला साफ हो गया कि आखिरकार सूदखोर किस तरह से मृतक को रुपए लौटाने के लिये प्रताड़ित कर रहे थे।

मामले की पूरी जांच करने के बाद पुलिस ने पांच सूदखोर आरोपी राजकुमार, मोहर सिंह, कल्याण, मनमोहन व गोपाल के खिलाफ 306 के तहत प्रताडना का केस दर्ज कर लिया हैं और उनकी तलाश भी की जा रही हैं।