Loading...
अभी-अभी:

चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी

image

Nov 9, 2017

सतना : चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम को 5 बजे तक चलेगी। उपचुनाव में 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी और भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी के बीच है।

कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के निधन की वजह से रिक्त हुई सीट पर मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है। मतदान में एक लाख 98 हजार 122 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख 6 हजार 390 पुरुष, 91 हजार 730 महिला और 2 थर्ड जेंडर शामिल है। सभी 257 मतदान केन्द्रों के लिए एक हजार 28 मतदान कर्मचारी तैनात किये गये है।

चित्रकूट उप चुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन भी लगाई जायेंगी, ताकि मतदाता देख सके कि उन्होंने जो वोट दिया है, वो सही है या नही, इसके लिए उन्हें 7 सेकंड का समय मिलेगा। एक मतदान कर्मी वीवीपैट के लिए भी लगाया गया है।

सेन्ट्रल आर्म्ड फोर्स की 9 कम्पनी चुनाव क्षेत्र में सुरक्षा का मोर्चा संभाला हुआ है। मध्य प्रदेश एसएएफ कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल भी क्षेत्र में तैनात है। मतदान समाप्ति तक शराब की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी गई है। उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला बार्डर भी सील कर दिया गया है।

चुनाव आयोग ने मतदान के दिन सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे की अवधि के दौरान एक्जिट पोल के संचालन, प्रकाशन और प्रसारण को प्रतिबंधित कर दिया है। आयोग ने ये भी स्पष्ट किया है कि मतदान समाप्ति के 48 घंटे के पहले से ओपेनियन पोल पर भी प्रतिबंध रहेगा।