Loading...
अभी-अभी:

नौनिहालों में देश भक्ति की अलख जगाने शिक्षक की अनूठी पहल

image

Dec 31, 2017

**हरदा।**जहां एक और समाज में जातपात,छुआछूत, आरक्षण जैसे मुद्दे को लेकर लोगों के मन में भेदभाव चल रहे हैं ।वहीं हरदा में एक शिक्षक के द्वारा देश की भावी पीढ़ी को एक सूत्र में बांधने वंदे मातरम और जन गण मन का गायन किया जा रहा है। नगर में खेल मैदान और कालोनियों में सप्ताह के निर्धारित दिनों पर तय समय में पहुँचकर एकता के सूत्र में बांधने का काम पिछले चार पांच महीनों से किया जा रहा है। दरअसल लोगों में मन में देशभक्ति की अलख जगाने वंदेमातरम एवं राष्ट्रगान का गायन किया जाता है। शिक्षक के अनुसार सरकारी कार्यालयों,स्कूलों,में राष्ट्र गान परंपरा मात्र हो गया है, जिसके निर्वहन के लिए कुछ ही लोग रुचि दिखाते हैं। महाविद्यालयों में तो यह कभी कभार ही होता है। इन सब बातो से दुखी होकर शहर के एक शिक्षक मुकेश मुरलिया ने अपने युवा साथियों को लेकर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन का अभियान सा चलाया है जो शहर में अलग अलग स्थानों पर जाकर बच्चे,युवा,बुजुर्ग महिलाओं को एकत्रित कर के राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत गायन करते हैं। **शहर के इन स्थानों पर हो रहा गायन...** शिक्षक मुरलिया प्रत्येक दिन अपने परिवार के साथ सुबह और शाम राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गान संगीत के साथ करते हैं साथ में मोहल्ले के लोग भी अब शामिल होने लगे हैं। शुरू में लोगों ने शर्म के कारण इस अभियान में साथ नही दिया,परंतु अब यह शहर में चार स्थानों में शनिवार एवं रविवार गाया जाता है। शहर के नेहरू स्टेडियम में प्रत्येक शनिवार सुबह 6 बजे ,मिडिल स्कूल ग्राउंड पर प्रत्येक रविवार 10 बजे,वृंदावन नगर कालोनी में प्रत्येक रविवार सुबह 9 बजे,बृजधाम कालोनी में प्रत्येक रविवार शाम साढ़े 5 बजे से सामूहिक गायन हो रहा है। गायन के बाद जय हिंद जय भारत के नारों से वातावरण देश भक्तिमय हो जाता है।वहीं मिडिल स्कूल ग्राउंड एवं नेहरू स्टेडियम पर उपस्थित लोग ,ग्राउंड पर खेलते बच्चे तय समय पर उत्साह से शामिल हो रहे हैं। सभी धर्म,सम्प्रदाय के लोग इस आयोजन में शामिल होकर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत कर रहे है।