Loading...
अभी-अभी:

भाजपा के दो आरोपी को सीजेएम कोर्ट से मिली जमानत

image

Oct 15, 2017

अशोकनगर : देहात थाना पुलिस ने अशोकनगर कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष अजय सिंह यादव एवं जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष यादवेंद्र सिंह यादव को शनिवार शाम कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें आसानी से जमानत मिल गई। उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपी जिला पंचायत अध्यक्ष के पुत्र हैं और इनमें से एक मुंगावली विधानसभा के उपचुनाव के भाजपा की ओर से प्रबल दावेदार है। भाजपा से जुड़े यह दोनों हाई प्रोफाइल आरोपी अवैध उत्तखनन के दौरान प्रशासनिक अमले पर हमले सहित शासकीय अभिरक्षा के बीच से चोरी के आरोप में पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहे थे।

यादवेंद्र और अजय दोनों ही भाजपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय देशराज सिंह यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष बाई साहब यादव के बेटे हैं। यादवेंद्र सिंह, जहां भाजपा की जिला इकाई में उपाध्यक्ष हैं, वहीं अजय सिंह भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य हैं। उप-चुनाव से पहले हुई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के कई मायने निकाले जा रहे हैं। आरोपियों की पैरवी कर रहे वकील रामेश्वर भारद्वाज ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, बलवा सहित अन्य मामलों के आरोपी थे। जिन्हें आज पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में अन्य चार आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी थी। वहीं पुलिस अधिकारियों की भाषा भी कहीं न कहीं मिलीभगत का संकेत देती है। क्योंकि दोनों आरोपी घटना के बाद भी कई कार्यक्रमों में देखे गए और राजनीति में भी निरन्तर सक्रिय रहें, पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से सूचना है कि आरोपियों की जमानत हो गयी है। इन हाई प्रोफाइल आरोपियों की तरफ से पैरवी कर रहे वकील ने बताया कि न्यायालय द्वारा दोनो आरोपियों की जमानत मंजूर कर दी गई है। इस मामले में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाया है और इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को शंकास्पद बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दबाव के कारण यह सब हुआ।