Loading...
अभी-अभी:

राज्य सरकार के करीब 3 लाख कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन

image

Aug 7, 2017

भोपाल : मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का रक्षाबंधन इस बार फीका रहा। राज्य सरकार के करीब 3 लाख कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। वेतन न मिलने का कारण सरकार के पास पैसे की कमी बताई जा रही है। मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री लक्ष्मीनारायण शर्मा ने कहा कि अनेक कार्यालयों में कर्मचारियों ने समय पर वेतन दिये जाने को लेकर प्रदर्शन भी किये और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे उसके बावजूद भी रक्षाबंधन जैसे महत्वूपर्ण त्योहार पर कर्मचारियों को वेतन उपलब्ध नहीं कराया गया।

उन्होंने कहा कि जुलाई माह में सभी कर्मचारियों की वार्षिक वेतनवृद्धि लगनी थी। ये कार्य एकीकृत वित्तीय प्रबंध प्रणाली के अंतर्गत कोष एवं लेखा विभाग को करना था। लेकिन इसमें काफी देरी हुई इस कारण से कर्मचारियों के वेतन देयक समय पर कोषालय में प्रस्तुत नही हुए और कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पाया।

वहीं, वेतन मदों में पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण कर्मचारियों के वेतन देयक कोषालय ने स्वीकार ही नहीं किए, जिससे कर्मचारियों का वेतन आहरण नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना है कि कई विभागों में तो कर्मचारियों को पिछले तीन से चार महीनों से वेतन नहीं मिला है जिससे उनमें खासा आक्रोश है।