Oct 15, 2017
अशोकनगर : मध्यप्रदेश अशोकनगर पॉवर हाउस के पास देर रात 5 अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के दम पर शराब कारोबारी के ऑफिस में घुस कर करीब 43 लाख रुपए लूट कर ले गये। घटना करीब रात के 2.30 के आस पास है। ऑफिस में मुनीम सतीश सोया हुआ था की अचानक गेट को तोड़ कर 5 हथियार बदमाश ऑफिस में घुसे और बंदूक की नोक पर मुनीम को बंधक बना कर 40 लाख रुपए लूट कर ले गये।
दरअसल, शनिवार को बैंक की छुट्टी होने के कारण रकम बैंक में जमा नहीं हो पाई थी, यह रकम कारोबारी के कार्यालय में रखी गयी थी। घटना के बाद किसी तरह से मुनीम ने अपने आप को मुक्त किया और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित सिटी कोतवाली और देहात थाना प्रभारी का बल मौके पर पहुंच गया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। घटना को देखने से यह प्रतीत होता है कि आरोपी पेशेवर लुटेरे हैं। घटना में अंदरूनी व्यक्ति के शामिल होने का भी संदेह जाता है। खास बात यह है की दीपावली के चलते पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे फिर भी बीच बाजार से हथियार मय बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस फ़िलहाल मामले की जाँच में जुट गई है।








