Loading...
अभी-अभी:

नपाध्यक्ष नागोरी ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, पार्टी में मचा सियासी भूचाल

image

Jun 6, 2019

अनिल बैरागी : महिदपुर में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष एवं महिदपुर नगर पालिका अध्यक्ष कय्युम नागोरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर अपनी ही सरकार पर असफलता के गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। यहां तक की अपनी ही पार्टी पर तंज कसते हुये मुख्यमंत्री को आदेशात्मक संवाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर डाली।

कांग्रेस जन समस्याओं का हल करने में असफल 
दरअसल नपाध्यक्ष कय्युम नागोरी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पहले तो पोस्ट डाल कर कांग्रेस आई टी सेल के पदाधिकारियों के पक्ष में लिखा कि पदाधिकारियों ने कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखा, फिर जन समस्या को उठाकर प्रशासनिक अधिकारियों से काम करने की सलाह दे डाली। अपनी ही पोस्ट के नीचे श्री नागोरी ने पुनः कमेंट किया कि कांग्रेस की सरकार को करीब 6 महीने होने जा रहे हैं, लेकिन जन समस्याओं को हल करने में असफल है।  प्रशासनिक अधिकारी जन समस्या को हल करने में गंभीर नहीं हैं। श्री नागोरी ने आगे अपनी ही पार्टी के मुखिया व मुख्यमंत्री कमलनाथ को सुझाव दे डाला कि माननीय कमलनाथ साहब को उच्चस्तरीय ट्रांसफर बंद कर काम करने को बाध्य करना चाहिए, वरना सस्पेंड व बर्खास्त का रास्ता अपनाना चाहिये। 

सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाला पोस्ट
नपाध्यक्ष कय्युम नागोरी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी ही पार्टी व सरकार को कठघरे में खड़ा करने संबंधी पोस्ट कर एक ओर जहां विपक्षियों को बोलने का मौका तो दे ही दिया, साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर असफलता का आरोप लगाकर पार्टी और संगठन के अनुशासन की भी सरेआम धज्जियां उड़ा दी। अब देखना है कि हाल ही में लोकसभा निर्वाचन में करारी हार का सामना कर रही कांग्रेस अपनी ही पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे पार्टी विरोधी बयानों पर किस प्रकार लगाम लगाती है। ज्ञात रहे कि कांग्रेस नेता कय्युम नागोरी विगत साढ़े 4 वर्षों से महिदपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कार्य कर रहे हैं। साथ ही कुछ माह पूर्व श्री नागोरी को कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग का जिला अध्यक्ष का दायित्व भी दिया हुआ है। क्या कांग्रेस के सत्ता एवं संगठन में पदस्थ वरिष्ठ पदाधिकारी ऐसे पार्टी विरोधी बयानबाजी करने वालों के खिलाफ अनुशासन का डंडा चलाएगी या फिर ऐसे सार्वजनिक पार्टी विरोधी बयानों से होने वाले नुकसान को सहन करेगी।