Loading...
अभी-अभी:

108 के कर्मचारी गए हड़ताल पर, नहीं मिला 2 माह से वेतन 

image

Nov 20, 2017

इंदौर : दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज 108 एंबुलेंस सेवा के सभी कर्मचारी  हड़ताल पर चले गए है। इस हड़ताल से पूरे प्रदेश में चल रही सैकड़ों एंबुलेंस के पहिए थम गए हैं। अगर यह हड़ताल ज्यादा समय चलती है, तो लोगों को इससे भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। 

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का  कहना है कि एंबुलेंस सेवा को संचालित करने वाली कंपनी  जिगित्सा हेल्थ केयर ने कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं दिया है। जिससे जीवन यापन करना कठिन हो गया है। घर में राशन नहीं है, बच्चों के स्कूलों की फीस तक नहीं भरी जा सकी है। 

ऐसे में कैसे नौकरी की जा सकती है। उनका कहना था कि जब से जिगित्सा हेल्थ केयर ने प्रदेश में काम संभाला है, 108 एम्बुलेंस के कर्मचारी वेतन का संकट झेल रहे हैं। जननी एक्सप्रेस कर्मचारी भी कई महीनों से वेतन को लेकर परेशानी झेल रहे हैं। 

पूरे प्रदेश में 108 एंबुलेंस सेवा घायलों, बीमारों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए शुरू की गई थी। ये सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों की जिंदगी बचाने में अहम साबित हुई है। इन एंबुलेंस को चलाने वाले ड्राइवर लंबे समय से वेतन बढ़ाने, सुविधाएं देने की मांग करते रहे हैं।

करीब 6 माह पहले भी ड्राइवरों ने हड़ताल की थी, जिसे कुछ घंटों के भीतर ही खत्म कर लिया गया था। इंदौर में 18 से ज्यादा 108 एम्बुलेंस है जिसमे 75 से ज्यादा कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में काम करते है।