Loading...
अभी-अभी:

उमरियाः कृत्रिम अंगों ने दी दिव्यांग जनों को नई जिंदगी

image

Aug 5, 2019

दिनेश भट्ट- सामान्य शरीर के साथ जीवन यापन करना जहां एक समस्या हो, वहां इस बात का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि शरीर के अंग भंग होने पर जीवन कितना कठिन हो जाता है। इसी कठिन जीवन से कृत्रिम अंगों की बदौलत दिव्यांग जनों को नई जिंदगी मिली। कलेक्टर की पहल पर जिले के दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के जरिये नया जीवन प्रदान किया गया। दीन हीन विकलांग संगठन के जिलाध्यक्ष सोहन चौधरी ने इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया है।

जिले के कलेक्टर के सहयोग एवं मार्गदर्शन में लगाया गया कृत्रिम अंग

जबलपुर में आयोजित कृत्रिम अंग प्रत्यारोपनण शिविर में उमरिया जिले से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के सहयोग एवं मार्गदर्शन में सोहन चौधरी, प्रिया रजक, राजेंद्र सिंह और रामदीन बर्मन को कृत्रिम अंग लगवाने के लिए भेजा गया था। जिन्हें भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर द्वारा संचालित कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण केंद्र के कृत्रिम अंग निर्माण विशेषज्ञ सुदामा नांगले ने कृत्रिम अंग लगाया। कृत्रिम पैर लग जाने से दिव्यांग प्रिया रजक अब मजबूर नहीं रही। अब वह अपने पैरों से चलकर अपने सभी काम पूरा कर सकेगी। इसके अलावा दिव्यांग सोहन चौधरी, राजेन्द्र सिंह और रामदीन बर्मन भी प्रिया की तरह खुद अपने कृत्रिम अंगों से कार्य कर सकेंगे। अब उन्हें बैशाखी की मदद नहीं चाहिए। दीनहीन दिव्यांग संगठन के जिला अध्यक्ष सोहन चौधरी ने बताया कि कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अभिनव पहल से हम सभी दिव्यांगों को आज नई जिंदगी मिली है। इस मौके पर सभी दिव्यांग अत्यंत खुश दिखे। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने कहा कि जिले के सभी दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। आने वाले समय में उमरिया में ही कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर लगवाया जाएगा।