Loading...
अभी-अभी:

उपचुनाव से पहले भाजपा ने चलाया जन जागरूकता अभियान, लोगों को बताये कोविड-19 से बचाव के उपाय

image

Jun 11, 2020

दीपिका अग्रवाल : कोविड-19 को फैलने से रोकने और बचाव के लिए जहां शासन और प्रशासनिक स्तर पर कवायद की जा रही है, वहीं अब राजनैतिक पार्टियां भी उपचुनाव से पहले कोविड-19 से बचाव के बहाने लोगों के बीच पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही है। 

शहर के विभिन्न चौराहों पर चलाया गया जन जागरूकता अभियान 
बता दें कि, इसी कड़ी में आज इंदौर में भाजपा द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों पर जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ना सिर्फ कोविड-19 से बचाव के उपाय बताए गए, बल्कि लोगों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी किया गया। 

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संभाला मोर्चा, लोगों को किया जागरूक
शहर के विभिन्न चौराहों पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ शहरवासियों को जागरूक करते दिखाई दिए। शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा पर जहां सांसद शंकर लालवानी ने लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए जागरूक किया, वहीं परदेसी पुरा चौराहे पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के नेतृत्व में लोगों को कोरोना से बचाव के लिए प्रेरित किया गया। 

सुरक्षित और सजग रहना ही कोरोना से बचने का एकमात्र उपाय
मीडिया से चर्चा करते हुए विजवर्गीय ने कहा है कि, कोरोना से बचाव के लिए एकमात्र सुरक्षित रहना और सजग रहना ही उपाय है। ऐसे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है, लेकिन अनलॉक फेस 2 के बाद अब शहर काफी हद तक खुल चुका है। ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। अब लोगों को पहले की अपेक्षा ज्यादा सतर्क रहना होगा।