Loading...
अभी-अभी:

भिंडः बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे भिंड

image

Sep 18, 2019

गिरिराज बोहरे - मध्यप्रदेश के जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भिंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कोई भी मंत्री और मुख्यमंत्री खुद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार को डूब प्रभावित क्षेत्रों में 40 हजार प्रति हेक्टेयर के हिसाब से त्वरित सहायता राशि देनी चाहिए और मूल्यांकन के बाद अलग से राशि जारी करनी चाहिए। जबकि इससे पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने केंद्र सरकार से मदद की बात कही थी। भिण्ड में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल भारी वर्षा के कारण यह आपदा नहीं आई है। सरकार की कुम्भकर्णी नींद एवं लापरवाही के कारण यह महाप्रलय की स्थिति बनी है।

नुकसान का आंकलन पर किसान और गरीबों के नुकसान की भरपाई करे कांग्रेस सरकार

दरअसल कोटा बैराज डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते मध्यप्रदेश के श्योपुर, मुरैना और भिंड जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। चंबल का जलस्तर उदी मोड़ पर अपने रिकॉर्ड स्तर 128.36 को पार कर 128.53 तक पहुंच गया था। जिसके बाद मंगलवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लहार विधायक डॉक्टर गोविंद सिंह क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से मदद की मांग की। जबकि बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे। दरअसल शिवराज सिंह चौहान अपने तय कार्यक्रम से 3 घंटे लेट भिंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिन ढलने के बाद भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार को जिन लोगों के घर उजड़ गए हैं, उन्हें पक्के मकान बना कर देना चाहिए। जिनकी फसल बर्बाद हुई है, उन्हें मुआवजा देना चाहिए और नुकसान का आंकलन पर किसान और गरीबों के नुकसान की भरपाई करना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा

केंद्र सरकार द्वारा सहायता दिए जाने के सवाल पर बोलते हुए शिवराज सिंह ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस को सरकार चलाना नहीं आता। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि केंद्र से पैसा लेने की एक प्रक्रिया है, आप नुकसान का आंकलन कर नहीं रहे, मुख्यमंत्री भोपाल से निकलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने नहीं आए। मंत्री अपने घरों में बैठकर बयान फटकार रहे हैं। और अगर हम जाते हैं तो बयान देते हैं कि शिवराज सिंह नाटक नौटंकी कर रहे हैं। जबकि हम रात रात भर, दिन-दिन भर जनता में घूम रहे हैं और उन्हें आने की फुर्सत नहीं और वह बैठे-बैठे कहते हैं कि पैसा दे जाओ, पैसा दे जाओ। ऐसे पैसा मिलता है कहीं? उसकी प्रक्रिया पूरी करके नुकसान का आंकलन करके भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ का 8 सौ 63 करोड़ रुपया रखा हुआ है, वह बांटो, उसमें 75% हिस्सा केंद्र का है। शिवराज सिंह तो कभी नहीं कहता था कि केंद्र से पैसा नहीं आया तो मैं नहीं दूंगा। हम तो जनता के लिए खजाना खोल देते थे।