Loading...
अभी-अभी:

भोपाल पुलिस ने ​​देह व्यापार में लिप्त 7 महिलाओं को किया गिरफ्तार

image

Jun 26, 2018

भोपाल की एमपी नगर पुलिस ने भी देह व्यापार में लिप्त सात महिलाओं को पकड़ा है। पुलिस ने लिंक रोड नंबर एक पर छापामार कार्यवाही करते हुए सात महिलाओं को रंगे हाथ देह व्यापार के लिए पैसे लेते धर दबोचा है। अयोध्या बायपास पर पिछले दिनों हुई एक महिला की हत्या के बाद से ही पुलिस देह व्यापार का पर्दाफाश करने में जुट गई थी। इसके लिए पुलिस ने एक टीम बनाई जिसकी नजर लिंक रोड नंबर के आसपास देहव्यापार करने वाली महिलाओं पर टिकी थी क्योंकि जिस महिला की हत्या हुई थी उसे भी लिंक रोड से ही अयोध्या बायपास ले जाया गया था। पुलिस ने सादी वर्दी में ग्राहक बनकर चिनार पार्क और बोर्ड ऑफिस रोड पर घूमने वाली महिलाओं से बात की। इसके बाद पहले शाम आठ बजे और फिर रात्रि दस बजे छापामार कार्यवाही करते हुए सात महिलाओं को पकड़ लिया।

भोपाल साउथ के एसपी राहुल लोढ़ा ने बताया कि काफी लंबे समय से पुलिस को इस मामले में जानकारी मिल रही थी कि लिंक रोड नंबर एक पर कुछ महिलाओं द्वारा देहव्यापार किया जा रहा है। इस मामले में सबसे बड़ा तथ्य ये है कि पिछले दिनों अयोध्या बायपास की राजीव नगर कॉलोनी में एक महिला की हत्या कर दी गई थी। जांच में जो बिंदु सामने आये उसके तार लिंक रोड नंबर एक से जुड़े पाये गए। पैसे के विवाद पर ही उस महिला की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक ट्रेप प्लान किया और उसी के तहत हमारे लोगों को इन महिलाओं का ग्राहक बनाकर भेजा गया। एक कार्यवाही शाम 8 बजे लिंक रोड नंबर 1 के पास चिनार पार्क पर की गई जहां महिला ने ग्राहक से पैसे ले लिये इसके बाद महिला को धरदबोचा। फिर रात्रि 10 बजे लिंक रोड नंबर 1 पर बोर्ड आफिस रोड पर कार्यवाही की गई यहां भी महिला से देहव्यापार के लिए सौदेबाजी की गई और पैसे देने के साथ ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया। 

एसपी ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं को देह व्यापार के लिए सहमति देते और पैसे लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इनमें से अधिकतर महिलाएं प्रदेश के बाहर की हैं कुछ का तलाक हो चुका है और कुछ अकेले रह रही थीं। पुलिस की पूछताछ जारी है। एसपी का कहना है कि ये कार्यवाही भोपाल शहर में दूसरे स्थानों पर भी की जाएगी। ​