Sep 3, 2019
गिर्राज बौहरे : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग को लेकर आज भिंड जिले में आधा सैकड़ा से अधिक कांग्रेसियों की मौजूदगी में प्रस्ताव पारित किया गया एवं एक पत्र सोनिया गांधी को भेजा गया। इस दौरान मेहगांव विधायक ओपीएस भदौरिया एवं गोहद विधायक रणवीर जाटव मौजूद रहे। दोनों विधायक सिंधिया समर्थक बताए जाते हैं।
दरअसल सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग ग्वालियर चंबल संभाग में लंबे अरसे से चली आ रही है। चुनाव के तुरंत बाद से ही यह मांग उठने लगी थी। लेकिन अभी तक इसके ऊपर कांग्रेस के आलाकमान द्वारा कोई फैसला नहीं लिया जा सका है। लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद ही कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा इस्तीफा दे दिया गया था। जिसके बाद लंबे समय तक यह पद खाली पड़ा रहा। कुछ रोज पहले सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। जिसके बाद एक बार फिर से मध्यप्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपे जाने की मांग उठने लगी है। अब यह मांग जोर पकड़ती जा रही है। जिसके लिए सिंधिया समर्थक कार्यकर्ताओं, विधायकों एवं मंत्रियों द्वारा जोर-शोर से मांग की जा रही है एवं उनके द्वारा धरना प्रदर्शन हवन यज्ञ किए जा रहे हैं।
तो वहीं आज दो विधायकों की उपस्थिति में प्रस्ताव पारित कर पत्र सोनिया गांधी को भेजा गया। कांग्रेसियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा। वहीं यह पूछे जाने पर कि अगर सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया जाता है तो उनकी क्या रणनीति रहेगी, इस पर कांग्रेसियों ने कहा इस पर फैसला बाद में लिया जाएगा, सिंधिया के प्रदेश अध्यक्ष बनने की उन्हें पूरी उम्मीद है।