Loading...
अभी-अभी:

पन्नाः एक बृज और बरसाना, देश के विभिन्न प्रान्तों से होली खेलने आते हैं श्रद्धालु

image

Mar 21, 2019

गणेश विश्वकर्मा- मन्दिरों के शहर पन्ना में रंगों के पर्व होली को बड़े ही अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। बृज और वृन्दावन की तरह पन्ना में भी कृष्ण भक्ति परंपरा के विशेष त्यौहार होली को धूमधाम से मनाने की परम्परा है। जिसका निर्वहन आज भी उसी तरह किया जाता है। प्रणामी सम्प्रदाय के सबसे बड़े तीर्थ पन्ना धाम में  किलकिला नदी के निकट  एक ओर राधिका रानी का मंदिर है इस परिक्षेत्र को बरसाना कहते हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ दूरी पर कृष्ण और कृष्णलीला को केन्द्र में रखकर एक बृह्म चबूतरे की स्थापना है, जहां श्री प्राणनाथ श्री कृष्ण की समस्त शक्तियों के साथ पूर्णबृह्म परमात्मा के रूप में विराजमान हैं। इस क्षेत्र को बृजभूमि और परना परम धाम कहते हैं। यहां बृज, बृन्दावन और बरसाने की तरह पारम्परिक होली मनाई जाती है।

मंदिरों के शहर पन्ना में होली दण्ड की स्थापना के साथ ही खिलने लगते हैं होली के रंग

होली दण्ड की स्थापना के साथ-साथ पन्ना धाम के मंदिरों में होली उत्सव की तैयारी शुरू हो गई थी। दण्ड स्थापना के दिन को मोहन होरी पर्व के रूप में मनाया जाता है। पन्ना धाम के मंदिरों में संध्या आरती के पश्चात दण्ड स्थापना की परंपरा हर बार की तरह इस बार भी निभाई गई। लंबे गीले बांस  में लाल रंग की पताका लगाकर उसे किलकिला नदी के किनारे एवं ग्वालनपुरा में निर्दिष्ट स्थान हैं, जहां होली रचाई जाती है। मोहन होरी की रात्रि में सबसे पहले जो गीत धमार में गाया गया, वह इस प्रकार है- मोहन खेलत होरी, वृन्दावन  बंशीवट कुंजन, तरे ठाड़े वनमाली कृउते सखिन को मंडल जोरे, श्री वृषभान  दुलारी। कृष्णपक्ष के दिन गुम्बटजी एवं बंगला जी में होरी गीतों का सुमधुर गायन हुआ। रात्रि 9 बजे गुम्बट जी के प्रांगण में भक्त गण इकट्ठे होकर उत्सव की शुरूआत की।

मंदिर में पूरी रात चलता है फ़ाग  उत्सव

होलिका दहन के दिन श्री महारानी जी (राधिका जी) के मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया। रात्रि में भोग लगने के पश्चात लगभग 10 बजे महारानी के मंदिर के प्रांगण में श्रद्धालु एकत्रित होने लगे,  फिर फ़ाग गायन का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। परिकल्पना यह है कि यहां राधा और कृष्ण मिलकर परस्पर फाग खेलते हैं। समस्त सुन्दर साथ सखियों के रूप में गीत गाते हुये इस फ़ाग उत्सव में सम्मिलित होते हैं। देर रात तक यहां  रंगारंग कार्यक्रम चलता रहा। उत्सव और उल्लास के इस अनूठे आयोजन का हिस्सा बनने के लिये देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पन्ना धाम पहुँचे।