Loading...
अभी-अभी:

रतलामः सैलाना जेल में जेल प्रबंधन द्वारा कैदियों के साथ मारपीट, 40 कैदियों द्वारा भूख हड़ताल

image

Jan 29, 2020

अमित निगम - सैलाना उप जेल में मंगलवार सुबह जेल प्रबंधन द्वारा बंदियों के साथ मारपीट करने के बाद करीब 40 कैदियों द्वारा भूख हड़ताल करने का मामला सामने आया है। हालांकि मामले में जेल प्रशासन ने कैदियों की झुमाझटकी में बंदियों के घायल होने की बात कही है, लेकिन मुलाकात के दौरान एक बंदी ने अपने परिजनों को घटना की बात बताई जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल हो रहा वीडियो सैलाना उपजेल में बंद एक बंदी से मिलने आए परिजन ने बनाया है। इसमें बंदी उन्हें घायल होने और घटना की जानकारी दे रहा है। इसके अनुसार मंगलवार सुबह जेल में रूटीम चैकिंग की गई। इस दौरान चैकिंग पर आए अधिकारी और जेल प्रहरियों को एक बैरेक में बंदियों के पास से एक बीड़ी का बंडल, गुटके के पाउच और 30 रुपए मिले। जिस पर उन्होंने बैरेक के बंदियों के साथ मारपीट की।

कुछ कैदियों को आई गंभीर चोट

मंगलवार सुबह सैलाना सब जेल के जेलर भीमसिंह रावत बैरक की तलाशी लेने के लिए बेरक पर आए, यहां पर बीड़ी दिखाई दीं। बंदियों का कहना है कि जेलर प्रहरियों सहित बंदियों पर टूट पड़े। सूत्रों के अनुसार जेल अधिकारियों, जवानों के साथ प्रहरियों ने भी लट्ठ आदि से बंदियों से मारपीट की। इसमें बंदी छोटू उर्फ जफर शाह पिता भूरा शाह के सिर में, अनिल बाबूलाल मीणा के हाथ में, कैलाश चंद्र मालवीय के पांव पर गंभीर चोट आई है। मारपीट में करीब 15 से अधिक बंदियों को चोट आई।

डॉक्टर को बुलवाकर घायल कैदियों का उपचार करवाया 

घटना के विरोध में जेल के अंदर ही करीब 40 से ज्यादा कैदियों ने भूख हड़ताल कर दी। इस बीच वीडियो भी वायरल होने पर बाहर भी इसकी खबर फैलने लगी। ताबड़तोड़ रतलाम से जेल अधीक्षक आरआर दांगी और कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम कामिनी ठाकुर जेल पंहुचे। उन्होंने डॉक्टर को बुलवाकर घायल कैदियों का उपचार करवाया तथा कैदियों से चर्चा कर उनकी शिकायत भी सुनी। इसके बाद समझाकर बंदियों की भूख हड़ताल समाप्त करवा दी गई है। हालांकि इस घटना के पता चलने के बाद से ही बंदियों के परिजन और दोस्त भी परेशान होते रहे और जेल के अंदर चल रहे घटनाक्रम को लेकर जानकारी पाने के भी प्रयास किए।

प्रथम दृष्टया जांच जारी 

कुछ ही दिन पूर्व मंदसौर जेल से 40 और जावरा उपजेल से 6 बंदियों को सैलाना उपजेल शिफ्ट किया गया है। इन्हें ऐसा लगा कि सख्त सजा देने के लिए शिफ्टिंग की गई है। मंगलवार को ये बंदी नाराजगी जता रहे थे। इसी दौरान रुटीन चैकिंग हो रही थी और बंदियों की आपस में ही हल्की झूमाझटकी हो गई। इसमें गिरने से दो बंदियों को चोट आई है, यह कहना है रतलाम जेल सुपरिंटेंडेंट का, जो जांच के नाम पर मीडिया से लगातार बचते रहे और अंतिम समय तक सामने नहीं आए। मीडिया कर्मियों से मिलने के लिए 3 से 4 घंटे तक परेशान होते रहे और उनके द्वारा जेल डीजी को फोन करने के पश्चात भी कोई संतोषजनक जवाब इनके द्वारा नहीं दिया गया। जैसे ही जानकारी मिली जेल का विजिट कर, बंदियों तथा अधिकारी से बात की है। प्रकरण की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच जारी है। जिला जेल अधीक्षक द्वारा जांच की जा रही है। जांच मिलने के पश्चात ही कुछ बताया जा सकेगा।