Loading...
अभी-अभी:

लंदन की टेम्स और जर्मनी की राइन नदी की तरह साफ हो नर्मदा : कैलाश सत्यार्थी

image

Jan 10, 2017

भोपाल। नोबल पुरस्कार प्राप्त समाजसेवी कैलाश सत्यार्थी ने कहा है कि 'नमामि देवी नर्मदे''-सेवा यात्रा नई सभ्यता और समाज की रचना का अभियान है। जब सभी जाति और धर्म के लोग किसी मुद्दे पर एक साथ चलते हैं तो नई सभ्यता का निर्माण होता है। सत्यार्थी आज होशंगाबाद जिले के ग्राम उमरधा के पाँसी घाट पर यात्रा का जनसंवाद सम्बोधित कर रहे थे। यात्रा आज 30वें दिन होशंगाबाद जिले में पहुँची। सत्यार्थी ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा इतिहास की रचना का काम है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे जनता का आंदोलन बनाया है। उन्होंने कहा कि मेरा सपना था कि देश की कोई नदी लंदन की टेम्स नदी और जर्मनी की राइन नदी की तरह साफ हो। यह सपना नर्मदा सेवा यात्रा पूरा करेगी। जहाँ समाज और सरकार मिलकर काम करते हैं, वहाँ स्थायी परिवर्तन होता है। बेटियों का सम्मान करने वाला समाज सभ्य और सुसंस्कृत होता है। आज दुनिया के कई देशों के बीच तनाव का कारण पानी है। इस यात्रा में इस चिन्ता के खिलाफ भी काम किया जा रहा है। नर्मदा नदी स्वच्छ होगी, तो सबका लाभ होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तय किया है कि नर्मदा के दोनों किनारे वृक्ष लगाये और रेत का अवैध खनन नहीं हो। यह अभियान हजारों साल आगे की सोच रखकर शुरू किया गया है। उन्होंने संकल्प दिलाया कि नर्मदा किनारे का हर गाँव नशा मुक्त हो और इन गाँवों का हर बच्चा स्कूल जाये।

विश्व का सबसे बड़ा पर्यावरण संरक्षण का अभियान

उद्यानिकी और खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा ने जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री चौहान ने यह अभियान पवित्र उद्देश्य को लेकर शुरू किया है। राज्य गौ-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरनंद ने कहा कि नर्मदा नदी का प्रदेश के समग्र विकास में अभूतपूर्व योगदान है। यह विश्व का सबसे बड़ा पर्यावरण संरक्षण का अभियान है। यह स्वर्णिम मध्यप्रदेश की आधारशिला रखने का प्रकल्प है। इसमें समाज के हर वर्ग की प्रभावी भागीदारी रहे। राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे ने कहा कि इस आंदोलन का आधार जनता है। यह अभियान शासन, प्रशासन और जनता के नेतृत्व में चल रहा है। सांसद उदयप्रताप सिंह ने कहा कि नदी संरक्षण का यह अभियान सदियों तक याद रहेगा। यह नर्मदा के मूल स्वरूप को बनाये रखने का अभियान है। क्षेत्रीय विधायक ठाकुर दास ने नर्मदा के संरक्षण का संकल्प दिलवाया। यात्रा के आज होशंगाबाद जिले में प्रवेश पर प्रभारी मंत्री मीणा सहित जन-प्रतिनिधियों, संतों, ग्रामीणों ने अगवानी की। यात्रा का स्वागत ग्रामीणों ने गाजे-बाजे से किया।

इस अवसर पर जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष प्रमोद पाण्डे, विधायक गोविन्द सिंह पटेल, साध्वी योगमाया तीर्थ, स्वामी बालक दास मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एस. के. मिश्रा और होशंगाबाद संभागायुक्त उमाकांत उमराव भी उपस्थित थे। स्वागत भाषण महेन्द्र प्रताप सिंह ने दिया।