Loading...
अभी-अभी:

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने किया स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट का पुतला दहन

image

Sep 6, 2019

दीपिका अग्रवाल : प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने मिलावटखोरों के खिलाफ आंदोलन छेड़ रखा है। अब तो कहा जाने लगा है कि मिलावट के खिलाफ है सिलावट, लेकिन मंत्री सिलावट पर कांग्रेस विधायकों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मंत्री जी की कथनी और करनी में अंतर नजर आ रहा है। यही नहीं विपक्ष में बैठी भाजपा को एक और मौका सरकार को घेरने के लिए मिल गया है। भाजपा इस मौके को भुना भी रही है।

बता दें कि प्रदेश की व्यवसायिक राजधानी इंदौर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों ने आज निरंजनपुर चौराहे पर स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट का पुतला दहन किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री की खिलाफत करते हुए जमकर नारेबाजी भी की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री का असली चेहरा उनकी ही पार्टी के विधायकों ने बेनकाब कर दिया है। कहा जा रहा है कि अब तक भाजपा, प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार करने और तबादले की सरकार होने का आरोप लगा रही थी लेकिन अब कांग्रेस विधायकों ने ही आरोपों को प्रमाणित कर दिया है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के आरोप से घिरे स्वास्थ्य मंत्री की विधायकी को शून्य घोषित करने के साथ उन्हें पार्टी से बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों का कहना है कि मध्यप्रदेश में चल रहे तबादला उद्योग पर मुख्यमंत्री कमलनाथ को संज्ञान लेना चाहिए।