Loading...
अभी-अभी:

हिन्दी लेखिका संघ का रजत जयंती समारोह आयोजित, लेखिकाओं के लिये करेंगे पुस्तकालय का प्रबंध

image

Feb 9, 2020

भोपाल : जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने मध्यप्रदेश हिंदी लेखिका संघ के रजत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में लेखिकाओं के द्वारा साहित्य सृजन के क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है। पीसी शर्मा ने कहा कि लेखिका संघ द्वारा निरंतर गोष्ठियों का आयोजन किया जाना साहित्य के प्रति रुचि और रचनात्मकता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने लेखिकाओं के प्रयासों को दृष्टिगत रखते हुए भोपाल में पुस्तकालय और सभा-कक्ष के स्थायी प्रबंध किये जाने के लिए आश्वस्त किया है।

रजत जयंती सम्मान समारोह का आयोजन
मंत्री पीसी शर्मा ने समारोह में अमृता प्रीतम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित वार्षिक पत्रिका 'सर्जना' का विमोचन किया। कार्यक्रम की समन्वयक श्रीमती साधना गंगराड़े ने बताया कि रजत जयंती सम्मान समारोह का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में पुरुस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मंत्री पीसी शर्मा ने उत्कृष्ट लेखन के लिए पुररूस्कृत किया। द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें रचनाकारों ने बसंत का स्वागत, समसामयिक मुद्दों, नारी सशक्तिकरण और विमर्श की रचनाएं सुनाई। कार्यक्रम का संचालन प्रथम सत्र में शशि बंसल एवं द्वितीय सत्र में अनुपमा अनुश्री द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन राधा रानी चौहान द्वारा किया गया।

समारोह के विशिष्ट अतिथि 
समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ संतोष चौबे, कुलाधिपति रवीन्द्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय और पद्मश्री मेहरुन्निसा परवेज ने भी संबोधित किया। समारोह में आशा श्रीवास्तव और रितुप्रिया ने बसंत और फाग गीत गाए, प्रभा मिश्रा, मधुलिका सक्सेना,उषा सोनी, मंजरी चतुर्वेदी, नविता जौहरी, हंसा श्रीवास्तव, जय तागडे, सीमा हरी शर्मा, सपना ताम्रकार, महिमा श्रीवास्तव वर्मा ने भी अपनी रचनाओं का पाठ किया।