Loading...
अभी-अभी:

शादी के बंधन में बंधने से पहले बंध गये आरोपों के बंधन में, लगी हथकड़ी

image

Feb 21, 2019

राजेन्द्र शर्मा- राजगढ़ में दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थी। नाच गानों के साथ हर तरफ खुशी का माहौल था। दूल्हा घोड़ी पर बैठने की तैयारी में था। हलवाई खाना बनाने में जुटे थे। मेहमान शादी का आनंद ले रहे थे। कुछ ही देर में पुलिस के आते ही सारा नजारा बदल गया। दुल्हन बनी शैफाली अपनी शादी के सपने संजोए हुई थी। उसे क्या पता उसका दूल्हा सलाखों के पीछे पहुंच जाएगा और उसकी शादी ही नहीं हो पाएगी। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल गम में बदल गया।

प्रेमिका ने दूल्हे पर लगाया झांसा देने का आरोप

घटना है शादी के दिन की। राजग़ढ जिले में इस शादी की चर्चा पूरे जिले में है। जिले में ऐसा पहली बार ही हुआ है कि जब किसी युवक की शादी होने वाली हो और फेरों के चंद घण्टे पहले एक युवती की शिकायत पर उसे जेल जाना पड़ा हो। ऐेसा ही मामला सामने आया है जिला मुख्यालय का, जहां पर युवक अंकित शर्मा की 21 फरवरी को शादी होनी थी। शादी के लिए माता पूजन की तैयारी हो रही थी। इसी बीच राजगढ़ पुलिस दूल्हा बने अंकित को पुलिस थाने ले आई। दूल्हे अंकित की शिकायत उसकी प्रेमिका ने की। प्रेमिका ने अंकित पर आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की देता था धमकी

बताया जाता है कि राजगढ़ निवासी अंकित शर्मा का अपनी पहली पत्नी से तलाक हो गया था। तलाक के बाद अब अंकित 21 फरवरी को यानी कि कल शेफाली के साथ दूसरी शादी  रचाने जा रहा था। ऐसे में शादी की जानकारी अंकित की प्रेमिका को लगी तो उसने अंकित से शादी ना करने की गुहार लगाई। अंकित ने प्रेमिका से शादी करने से इंकार किया और उसे धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो तेरे सारे आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दूंगा। प्रेमिका ने भी हार नहीं मानी और पुलिस के पास पहुंच गई। प्रेमिका ने अपने साथ हुए धोखे की पूरी कहानी पुलिस को बताई‌। प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि दूल्हा अंकित और उसके बीच 2016 से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अंकित ने उसके साथ शादी करने का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब अंकित दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। ऐसे में राजगढ़ पुलिस ने तत्काल युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रेमिका को 2 दिन पहले ही पता चला कि अंकित शादी कर रहा है।

अन्य युवतियों से भी रहे हैं प्रेम संबंध

दूल्हा अंकित पर प्रेमिका ने आरोप लगाया कि इसके कई युवतियों से संबंध है। सभी को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाता था और उनका शारीरिक और आर्थिक शोषण भी करता था। पेशे से अंकित टैक्सी ड्राइवर था लेकिन अपने आपको ठेकेदार बताकर, खुद को बहुत अमीर बता कर लड़कियों को प्रेम जाल में उलझा लेता। अंकित का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। अब दूसरी शादी रचाने जा रहा था और प्रेमिका ने सामने आकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। फिलहाल प्रेम जाल में फंसा कर लड़कियों को धोखा देने वाला अंकित अब सलाखों के पीछे है।