Aug 31, 2019
राकेश प्रजापति- विकासखंड मुख्यालय जुन्नारदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रात में क्षेत्रीय विधायक सुनील उईके ने पहुंचकर अचानक निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर क्षेत्रीय विधायक ने सबसे पहले वहां पर भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान भर्ती मरीजों से अस्पताल प्रबंधन के द्वारा दी जा रही सुविधाओं के संदर्भ में चर्चा भी की। अस्पताल में भर्ती मरीजों से जानकारी लेने के बाद उन्हें तत्काल ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ आरआर सिंह को तलब कर लिया। यहां मरीजों से जुड़ी समस्याओं के संदर्भ में वीएमओ आरआर सिंह को विधायक सुनील उईके के द्वारा कड़े निर्देश दिए गए।
स्वच्छता के बदतर हालात को देखकर बिफरे विधायक, गंदगी उन्मूलन के लिए BMO को दिए 48 घंटे का अल्टीमेटम
इसके पश्चात क्षेत्रीय विधायक सुनील उईके ने संपूर्ण अस्पताल परिसर के वार्ड, कार्यालय और परिसर का निरीक्षण किया, जिसमें कुछ स्थानों पर लगे गंदगी के ढेर को देखकर वह बिफर गए। अस्पताल प्रबंधन की स्वच्छता के प्रति इस बड़ी लापरवाही को देखकर उन्होंने बीएमओ आरआर सिंह को आगामी 48 घंटे में संपूर्ण अस्पताल परिसर की गंदगी को हटा दिए जाने का अल्टीमेटम दे डाला। जिस पर डॉ आरआर सिंह के द्वारा इस समस्या के त्वरित एवं समुचित निदान किए जाने की हामी भरी गई। अस्पताल में स्वच्छता के प्रति गंभीर रुख अपनाने के लिए उन्होंने रोगी कल्याण समिति से कर्मचारियों की व्यवस्था बना लिए जाने के निर्देश भी दिए हैं। विधायक सुनील उईके के इस देर रात्रि में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान डॉक्टर बाथम, डॉक्टर नागवंशी सहित अस्पताल प्रबंधन का अमला मौजूद था।