Aug 31, 2019
महाराष्ट्र के लिए शनिवार का दिन एक बुरी ख़बर लेकर आया है। शनिवार सुबह महाराष्ट्र के धुले जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में गैस सिलेंडर में एक भीषण धमाका हो गया। धमाके के बाद वहां भयानक आग भड़क उठी। इस आगजनी मरने वालों की तादाद बढ़कर 12 पर पहुंच गई है। वहीं 58 लोग इस आगजनी की चपेट में आए हैं।
ताज़ा जानकारी के अनुसार अभी भी कई लोग फैक्ट्री के भीतर फंसे हुए हैं। वहीं 15 लोगों के झुलसने की भी जानकारी मिली है, जबकि 43 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शाहपुर गांव के पास स्थित फैक्ट्री में लगभग 100 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। यह हादसा सुबह करीब 9.15 बजे का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि धमाका इतना बड़ा था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके साथ ही कई किमी दूर से ही विस्फोट के बाद उठ रहे काले धूएं को देखा जा सकता है। पुलिस फिलहाल विस्फोट क्यों हुआ इसकी जांच कर रही है। दमकल की कई गाड़ियां आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रही है।