Loading...
अभी-अभी:

सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा तीन दिवसीय नमस्ते ओरछा महोत्सव की औपचारिक शुरूआत

image

Mar 6, 2020

ओरछाः 'नमस्ते ओरछा' महोत्सव के पहले दिन कल पुष्‍य नक्षत्र में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने ओरछा में भगवान रामराजा के दर्शन किये। मान्यता है कि भगवान राम आज ही के दिन ओरछा पधारे थे। रामराजा मंदिर में आसपास के जिलों के साथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने भगवान रामराजा की पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कल शाम से तीन दिवसीय नमस्ते ओरछा महोत्सव की औपचारिक शुरूआत हो रही है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हेरिटेज वॉक और पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविवि‍धयाँ होंगी।

फूड बाजार में बुंदेली व्यंजन बने आर्कषण का केन्द्र

महोत्सव में भगवान श्रीराम के अयोघ्या से ओरछा आगमन की ऐतिहासिक गाथा को थ्री-डी मैपिंग से जहांगीर महल की दीवारों पर दिखाया गया। साथ ही शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियों के बीच यहाँ विदेशी संगीतज्ञों के साथ बुंदेली गायक सुर-ताल मिलाते दिखाई दिये। ओरछा में स्थानीय कलाकारों के उत्पादों का क्राफ्ट बाजार भी शुरू हो गया है। इसमें चंदेरी बुनाई, महेश्वरी साड़ी, बाग प्रिंट और गौंड पेंटिंग का प्रदर्शन किया जा रहा है। पर्यटकों को बुंदेली व्यंजनों के स्वाद के लिये एक फूड बाजार भी लगाया गया है, जिसका पर्यटक भरपूर लुफ्त उठा रहे हैं। ओरछा में फूड बाजार में बुंदेली व्यंजन आर्कषण का केन्द्र बने हुए हैं।

महोत्सव के दूसरे दिन 7 मार्च को होंगे विभिन्न कार्यक्रम

रामराजा की नगरी ओरछा में 'नमस्ते ओरछा'' महोत्सव के दूसरे दिन संगीत सभाएँ और तीसरे तथा अंतिम दिन 8 मार्च को लोक-कलाओं की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केन्द्र होंगी। इस दौरान प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा कार्यक्रम किये जायेंगे। देश के विभिन्न राज्यों के प्रख्यात कलाकार ओरछा आ रहे हैं। महोत्सव के दूसरे दिन 7 मार्च को सुबह के कार्यक्रमों में मिनी थापर के 'सनटॉप' में स्वास्थ्य एवं योग सत्र, विमलेंदु झा के साथ जंगल में प्रकृति भ्रमण, संजय आउस्टा के साथ फोटोग्राफी के अवसर, बेतवा नदी में मनोहरलाल केवट के सान्निध्य में एडवेंचर स्पोर्ट्स, भारत की फर्स्ट सिटी साइकल टूर कम्पनी का साइकल टूर और आर्टिस्ट और डिजाइनर अनुपमा दयाल की वस्त्र कार्यशाला होगी। शाम को रंगारंग गायन और नृत्य का कार्यक्रम दर्शकों को लुभायेगा।

महोत्सव स्थानीय नागरिकों को आजीविका अर्जन और मेजबानी के अनेक अवसर तथा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आध्यात्म, विरासत और प्रकृति के विभिन्न रंगों के अनुभव के साथ महोत्सव अद्भुत होने जा रहा है।