Loading...
अभी-अभी:

रतलामः नगर निगम के अधिकारियों की गलती का खामियाजा भुगत रही जनता पानी को रही तरस

image

Jun 3, 2019

अमित निगम- इन दिनों रतलाम नगर निगम के जल प्रदाय की हालत यह हो रही है कि अब नगर निगम पानी पिलाने की जुगाड़ में लगी है। शहर में पानी की आपूर्ति करने वाले जल स्त्रोत धोलावाड़ जलाशय के जेकवेल लगे मंडपंप तक लगातार पानी पहुंचता रहे, इसकी व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को केनाल नाल खोदने का काम शुरू हुआ। पोकलेन मशीन से निगम इंजीनियर की देखरेख में कार्य चल रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की गलती का खामियाजा अब जनता को भोगनी पड़ रही है।

जलाशय में जैक वेल के निकट पानी कम होने के कारण टंकियां समय पर नहीं भर पा रही

धोलावाड़ जलाशय में जैक वेल के निकट पानी कम होने के कारण टंकियां समय पर नहीं भर पा रही है। जिसका असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। सोमवार को भी कई क्षेत्रों में सुबह जलापूर्ति बाधित हुई। इधर कम होते जलस्तर को पाटने के लिए निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के बतौर केनाल खोदने का काम शुरू किया है। सोमवार को पोकलेन मशीन धोलावाड़ पहुंची और निगम इंजीनियर की देखरेख में जैक वेल तक निरंतर पानी पहुंचाने के लिए केनाल खोदने का काम शुरू हुआ। वहां से मोटर के जरिए पानी इंटरवल तक पहुंचाया जा रहा है। जैक वेल तक पानी की धार लगातार पहुंचने पर आगे जल प्रदाय व्यवस्था सुधारने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि जब यह जैकवेल बनाया गया था तब इसके निर्माण में कई तकनीकी खामियां थीं तथा इसे जीरो लेवल पर ना बनाते हुए पानी की सतह से ऊपर बना दिया गया था। जिसका खामियाजा अब रतलाम नगर की जनता को भुगतना पड़ रहा है तथा इंजीनियरों की अनदेखी के चलते नगर निगम को लाखों की चपत भी लग रही है।

गलती के कारण यह जेकवेल पानी की गहराई वाले क्षेत्र में बनने का बजाय काफी दूर बना दिया गया था

आपको बता दें कि रतलाम के धोलावाड जलाशय में बनाया जेकवेल जीरो लेवल से काफी दूर बनाया गया है, जो कि नगर निगम की बड़ी लापरवाही है और इस लापरवाही को निगम में अधिकारी अपना भी चुके है कि कुछ गलती के कारण यह जेकवेल पानी की गहराई वाले क्षेत्र में बनने का बजाय काफी दूर बना दिया गया। जिसके कारण यह दिक्कत आ रही है, हांलाकि अब इस समस्या के स्थायी निराकरण की चर्चाएं जरूर हो रही है, लेकिन इस दिशा में कोई काम नहीं हो रहा है।