Loading...
अभी-अभी:

जबलपुरः तेज हवा और पानी से घर के छप्पर उड़े, कई मकान आये इसकी चपेट में

image

Jul 2, 2019

प्रेम  सिंह लोधी- जबलपुर की बरगी विधानसभा अंतर्गत आदिवासी गांव अंडिया उमरिया में देर रात चली तेज हवाओं ने कई परिवारों के सिर से छत छीन ली। अचानक आंधी तूफान चलने से लोग कुछ समझ नहीं पाए और घरों के कच्चे छत, छप्पर हवाओं में उड़कर दूर जा गिरे। छप्पर गिरने से लोगों की गृहस्थी और खाने-पीने की चीजें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। बिना छत और भूखे पेट कई लोगों ने किसी तरह रात गुजारी और सुबह विधायक संजय यादव को इस तबाही की जानकारी दी। जिसके बाद विधायक ने कलेक्टर को आदिवासियों की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि अचानक तेज हवा चली और लगभग सभी लोग घर के अंदर थे, जिससे किसी को कुछ समझ नहीं आया। जब छत उड़ी और छप्पर घर के अंदर गिरने लगे, तब अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में कुछ महिलाएं भी घायल हुई हैं। 

कलेक्टर ने एसडीएम एवं अन्य अधिकारियों को भेजकर गांव के सर्वे का दिया निर्देश

आंधी तूफान से हुई तबाही की खबर मिलते ही कलेक्टर ने एसडीएम एवं अन्य अधिकारियों को भेजकर गांव का सर्वे करने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंचे एसडीएम और विधायक ने ग्रामीणों से उनके नुकसान की जानकारी ली। साथ ही उन्हें भरोसा जताया कि शासन स्तर पर और विधायक मद से जो भी मदद संभव होगी वह की जाएगी। वहीं गांव की सरपंच सुशीला सिंह ने अधिकारियों द्वारा किए गए सर्वे पर सवाल खड़े कर दिए। उनका कहना है कि अधिकारी सिर्फ उन्हीं घरों में जा रहे हैं जहां ज्यादा नुकसान हुआ है, लेकिन ऐसा कोई घर नहीं बचा, जहां नुकसान नहीं हुआ।