Sep 21, 2019
राजेश दुबे - नगर में 18 सितंबर से अखिल भारतीय किन्नर महासंघ का सम्मेलन चल रहा है। जो 26 सितंबर तक चलेगा। इसी सम्मेलन के दौरान आज किन्नर संघ के द्वारा कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें देश भर से आए किन्नरों ने इस यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान किन्नरों ने तार वाले बालाजी के मंदिर में 11 किलो का घंटा भी भेंट किया।ताकि देशभर में सुख समृद्धि बनी रहे।
शहर भर के लोगों ने इस कलश यात्रा का जगह-जगह किया स्वागत
दोपहर 11 बजे अमर मैरिज गार्डन से किन्नरों द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में किन्नरों सहित नगर के लोग उपस्थित रहे। किन्नर देश भक्ति और भजनों की धुन पर थिरकते हुए कलस यात्रा में आगे-आगे चल रहे थे। इस कलश यात्रा में सैकड़ों बग्गियों पर बाहर से आए किन्नर विराजमान थे। इस दौरान शहर भर के लोगों ने इस कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया, एवं पुष्प बरसाए गए। जानकारी के अनुसार इस तरह का आयोजन शहर में पहला आयोजन था, जिसमें किन्नर महासंघ द्वारा इतनी बड़ी कलश यात्रा निकाली गई।