May 2, 2020
इंदौर: दुनिया भर में कोरोना वायरस की दहशत लगातार बढ़ती ही जा रही है। वहीं लॉकडाउन में जनता की नजरों में पुलिस की परिभाषा भी बदल रही है। ताजा मामला मध्य प्रदेश से सामने आया है। जहां पर कैंसर से जूझ रहे एक पिता की आखिरी ख्वाहिश को पूरा करने में मध्य प्रदेश पुलिस ने भी बेटे का साथ दिया। दरअसल, पिता की आखिरी ख्वाहिश अपने बेटे की शादी देखना थी। जिसे बेटे ने स्थानीय पुलिस की सहायता से पूरी की। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर के गौतमपुरा में प्रशासन की स्वीकृति के बाद एक जोड़े ने सात फेरे लिए। दूल्हे के बड़े भाई ने कहा, 'मेरे पिता कैंसर से पीड़ित हैं। उनकी अंतिम इच्छा छोटे बेटे की शादी देखना थी। जिला प्रशासन ने हमें स्वीकृति दे दी।'
शुक्रवार को शहर में कोरोना के 28 नए मरीज
शुक्रवार को शहर में कोरोना के 28 नए मरीज मिले हैं। इसे मिलाकर पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1545 हो गई है। कुल 507 सैंपल में से 453 निगेटिव आए। दो मरीजों की मौत भी हुई, अब तक 74 लोगों की जान जा चुकी है। वैश्विक महामारी कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने देश में 2 सप्ताह यानी 17 मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है। इसके लिए प्रशासन ने तीन बिंदुओं सैंपलिंग, टेस्टिंग और सख्ती को फोकस कर रणनीति बनाई हुई है, जिस पर शनिवार से ही अमल शुरू होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जहां मध्य प्रदेश में कोरोना के कुल केस 2,719 और मौत का आंकड़ा 137 है। वहीं, पूरे देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 37,336 रिकवर होने वाले मरीजों की तादाद 9,951 और मौत का आंकड़ा 1,218 पहुंच गया है।