Loading...
अभी-अभी:

भोपाल: नौतपा का कहर पूरे मध्यप्रदेश में जारी, आग बरसा रहा सूरज

image

May 31, 2019

नौतपा के कारण इन दिनों मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। ग्वालियर चंबल अंचल में नौतपा के छठवें दिन सूरज अंगार बनकर लोगों पर बरसा। जहां गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। गर्मी के कारण अस्पतालों में भी मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता जाता है वैसे ही गर्मी का तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है। आज की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 12 बजे तक तापमान 46 डिग्री तक रहने की आशंका है, वहीं दोपहर तक तापमान के 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है। ग्वालियर चंबल अंचल में 3 दिन से निरंतर 45 डिग्री तापमान बना हुआ है और आगे आने वाले दिनों में भी यह आशंका जताई जा रही है कि तापमान में अभी और भी इजाफा हो सकता है।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण गर्म हवाओं का प्रभाव काफी

उल्लेखनीय है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण यहां गर्म हवाओं का प्रभाव काफी देखने को मिल रहा है। दिन में धूप की तपिश और गर्मी इतनी हो गई है कि लोगों को घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। दोपहर के वक़्त शहर की सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। यही नहीं गलियां भी सूनी दिखाई देने लगी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को खजुराहो और नौगांव में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया है। खरगोन और रीवा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके साथ ही खंडवा, दमोह, रायसेन, शाजापुर, राजगढ़, गुना, उमरिया, सतना, सीधी, टीकमगढ़ में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। वर्तमान में एक ट्रफ (द्रोणिका लाइन) दक्षिणी मध्य प्रदेश से विदर्भ के पश्चिम इलाके से उत्तरी कर्नाटक तक बना हुआ है। जिसके कारण वातावरण में कुछ नमी नज़र आ रही है।