Loading...
अभी-अभी:

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, अगले तीन दिन शीतलहर का अलर्ट

image

Nov 16, 2025

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, अगले तीन दिन शीतलहर का अलर्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में नवंबर के मध्य में ही सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। उत्तर भारत की बर्फबारी के असर से रात का तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। ठंड से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर से आ रही ठंडी हवाएं जिम्मेदार

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही भारी बर्फबारी के कारण उत्तरी हवाएं सीधे मध्य प्रदेश की ओर बह रही हैं। इन हवाओं ने रात के तापमान को नीचे ला दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। इससे सुबह और शाम में कोहरा छाने की संभावना भी बढ़ गई है।

इन जिलों में शीतलहर का सबसे ज्यादा असर

रविवार (16 नवंबर) को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, शहडोल, छतरपुर, राजगढ़, शिवपुरी, शाजापुर, सीहोर, सतना, निवाड़ी, देवास, टीकमगढ़, पन्ना, रीवा, मैहर, डिंडोरी, कटनी, अनूपपुर और उमरिया में शीतलहर का विशेष अलर्ट जारी है। इन क्षेत्रों में रात का तापमान और गिर सकता है।

पिछले रात के तापमान ने बढ़ाई चिंता

शुक्रवार-शनिवार की रात रीवा में 7.5 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 7.8 डिग्री, भोपाल में 8 डिग्री, उमरिया में 8.4 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, खजुराहो में 9.4 डिग्री, इंदौर में 9.6 डिग्री, सतना और मलाजखंड में 9.6 डिग्री, जबलपुर में 9.7 डिग्री, छिंदवाड़ा में 9.8 डिग्री तथा ग्वालियर में 9.9 डिग्री तापमान रहा। अन्य शहरों में भी पारा 10 डिग्री या इससे थोड़ा ऊपर दर्ज हुआ।

लोगों से अपील है कि गर्म कपड़े पहनें, बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें।

Report By:
Monika