Loading...
अभी-अभी:

पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, नपा अध्यक्ष का फूंका पुतला

image

May 8, 2018

छिन्दवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में पानी की भीषण समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। बढ़ते तापमान और ग्लोबल वार्मिंग के चलते पानी की समस्या दिनों दिन देखने को मिल रही है जिसके कारण आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बता दें पानी को लेकर सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने तहसील कार्यालय के गेट पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के सामने मटके फोड़े। इस अवसर पर महिलाओं ने बताया कि उनके गांव में जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है लेकिन मई का महीना शुरू हो जाने के बावजूद पंचायतों में पानी की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई। 

15 से 20 दिनों में होता है पानी सप्लाई 
महिलाओं का कहना था कि पेन्चवेली समूह जल प्रदाय से जुड़ी पंचायतों पर 15 से 20 दिनों में पानी सप्लाई होता है। बड़ी ग्राम पंचायत इकलेहरा, अंबाड़ा, भाजीपानी, भमोड़ी एवं जाटाछापर सहित 9 पंचायतों में जल संकट की विकराल स्थिति होती है। पंचायतों में नलजल योजना संचालित है लेकिन पानी के स्रोत दम तोड़ने से योजनाएं सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है। पानी के लिए एकमात्र साधन टैंकरो से सप्लाई जो जनपद पंचायत के द्वारा अभी तक शुरू नहीं किया गया। 

जल परिवहन के लिए पत्र किया जारी
इस अवसर पर पीएचई अधिकारी ने बताया कि बड़ी 5 पंचायतों में कल 8 मई से जल परिवहन के लिए पत्र जारी कर दिया जाएगा। बाकी चार पंचायतों का सर्वे कराकर जरूरत पड़ने पर जल परिवहन का प्रस्ताव बनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों से आई महिलाओं ने संगीतालय भवन के सामने सांकेतिक धरना दिया और रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंची थी। 

नपा अध्यक्ष का फूंका पुतला
ज्ञात हो कि तीन दिन पूर्व नगरपालिका परासिया क्षेत्र के स्थानीय रहवासियों द्वारा परासिया- चांदामेटा मुख्य सड़क पर चार घंटे चक्का जाम कर नगरपालिका अध्यक्ष गया यादव का पुतला फूंका था और प्रशासन का पानी की समस्या पर ध्यान आकर्षित कराया था। तब जाकर 5 दिनों में पानी सप्लाई की व्यवस्था बनाई गई।